रुद्रपुर: रक्षा बंधन पर रोडवेज बसों में मुफ्त सफर करेंगी महिलाएं
रुद्रपुर, अमृत विचार। परिवहन निगम की बसों में रक्षा बंधन पर महिलाएं मुफ्त में यात्रा करेंगी। इसमें महिलाओं को शत-प्रतिशत छूट दी जाएगी। यह छूट महिलाओं को प्रदेश के अंदर ही यात्रा करने पर दी जाएगी।
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के निर्देश पर उत्तराखंड परिवहन निगम ने 30 अगस्त को प्रदेश की महिलाओं को प्रदेश के अंदर निगम द्वारा संचालित बसों के किराये में शत प्रतिशत छूट का तोहफा दिया है। इस छूट का फायदा महिलाओं को उत्तराखंड के अंदर ही उठा सकती है।
रुद्रपुर डिपो प्रबंधन ने भी रक्षा बंधन को लेकर तैयारी शुरू कर दी हैं। डिपो प्रबंधन के अनुसार रक्षा बंधन पर्व पर उत्तराखंड के अंदर इस मार्ग पर महिला यात्रियों की संख्या अधिक होगी वहां अतिरिक्त बसों को संचालन किया जाएगा या फिर बसों के फेरे बढ़ाये जाएंगे। उन्होंने बताया कि वर्तमान में रुद्रपुर डिपो के बस बेड़े में 87 बसें शामिल हैं।
रक्षा बंधन पर्व पर निगम की बसों में महिलाओं को प्रदेश के अंदर सफर करने में किराये में शत-प्रतिशत की छूट दी जाएगी। इसके लिए डिपो प्रबंधन ने सभी तैयारियां पूर्ण कर ली गयी है। -महेंद्र कुमार, सहायक महाप्रबंधक, रुद्रपुर डिपो
