नैनीताल: उफनाए नाले में फसी बोलेरो, महिला समेत 8 साल का बच्चा भी था सवारियों में शामिल
नैनीताल, अमृत विचार। नैनीताल जिले में बारिश के चलते चोरगलिया स्थित सूर्यनाला उफान पर आ गया है। उफनाए नाले को पार करते वक्त एक बोलेरो नाले में बह गई। थानाध्यक्ष और अन्य लोगों ने बोलेरो का शीशा तोड़कर यात्रियों को बाहर निकाला। बोलेरो में सवार एक महिला और उसका आठ साल का बच्चा भी शामिल था।
जानकारी अनुसार सोमवार शाम करीब 6 बजे सूर्य नाला उफान पर आ गया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने लोगों को पानी कम होने तक नाला पार नहीं करने को कहा। इससे मार्ग के दोनों ओर वाहनों की लंबी कतारें लग गईं। करीब दो घंटे बाद पानी कम होने पर एक बोलेरो टैक्सी को चालक ने आगे बढ़ाया लेकिन अचानक गड्ढे में टैक्सी गिर गई। टैक्सी में चालक समेत आठ यात्री सवार थे।
मौके पर मौजूद थानाध्यक्ष भगवान सिंह महर ने पानी में जाकर गाड़ी के शीशे तोड़े और सभी यात्रियों को सुरक्षित बाहर निकाला। बताया कि यात्रियों में महिला और उसका आठ साल का बच्चा भी था।
गाड़ी को राजेंद्र सिंह पुत्र भवान सिंह निवासी ग्राम नाली गंगोलीहाट पिथौरागढ़ चला रहा था। बताया कि प्रमोद सिंह पुत्र गंगा सिंह ग्राम नाली गंगोलीहाट और नेपाली मूल के पदम रावल, बड़ी रावल के अलावा अन्य यात्री थे। बाद में सभी अन्य वाहनों से गंतव्य को चले गए।
