बरेली: बीजेपी नेता को धमकी, बम से उड़ा दूंगा तेरा घर, रिपोर्ट दर्ज
बरेली/सीबीगंज, अमृत विचार। सीबीगंज क्षेत्र में भाजपा ओबीसी मोर्चा के जिला उपाध्यक्ष पर गब्बर गिरोह के लोगों ने जानलेवा हमला कर दिया। जिसमें वह बाल बाल बच गए। साथ ही आरोपियों ने उनके घर को बम से उड़ाने की धमकी भी दी। एसएसपी के आदेश पर पुलिस ने चार आरोपियों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर ली है।
भाजपा ओबीसी मोर्चा के जिला उपाध्यक्ष और अधिवक्ता जयपाल सिंह कश्यप ने बताया कि वह सीबीगंज के ठिरिया ठाकुर गांव के रहने वाले हैं। 19 अगस्त को वह अपने घर जा रहे थे। इसी दौरान गांव के रहने वाले गब्बर सिंह उर्फ शिव कुमार, राम सिंह, बादाम सिंह, शेरा ने उन्हें रास्ते में रोक लिया और पुरानी रंजिश के चलते उन पर तमंचे से फायर कर दिया। जिसमें वह बाल बाल बच गए, उन्होंने भाग कर अपनी जान बचाई। इसके बाद आरोपी उनके घर जा धमके वहां पर सभी को जान से मारने की धमकी दी। उन्होंने एसएसपी घुले सुशील चंद्रभान से शिकायत की, जिसके बाद पुलिस ने रिपोर्ट दर्ज की।
ये भी पढे़ं- बरेली: शिक्षकों ने घर-घर मुहिम चलाई... बच्चे बीच में न छोड़े पढ़ाई
