कौशल किशोर के घर में हत्या : परिजनों ने सड़क पर शव रखकर किया प्रदर्शन, आरोपितों पर सख्त कार्रवाई की मांग

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

लखनऊ,अमृत विचार। राजधानी के दुबग्गा स्थित माधवपुर बेगरिया में केंद्रीय राज्यमंत्री और सांसद कौशल किशोर के मकान में हुये हत्या के मामले में मृतक के भाई ने एसआईटी जांच की मांग की है। इसके अलावा पीड़ित परिजनों ने पोस्टमार्टम हाउस और दुबग्गा के पास शव रखकर प्रदर्शन किया है। पीड़ित परिवार ने आरोपितों को सख्त सजा दिये जाने की मांग की है।

दरअसल, मृतक विनय श्रीवास्तव के तीन भाई हैं। जिनके नाम विकास, विभव और विक्रांत बताया जा रहा है। मृतक के भाई विकास ने ही इस मामले में एसआईटी जांच की मांग की है। 

बता दें कि शुक्रवार को भोर में बीजेपी कार्यकर्ता विनय श्रीवास्तव की गोली मारकर हत्या कर दी गई है। बताया जा रहा है कि युवक के सिर में गोली लगी है। जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई है। इसमें खास बात यह है जिस पिस्टल से युवक को गोली मारी गई है वह सांसद के बेटे विकास किशोर उर्फ आशू की बताई जा रही है। पुलिस ने इस मामले में तीन लोगों को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है। इस मामले में मंत्री कौशल किशोर ने सफाई दी है कि उनका बेटा विकास किशोर लखनऊ से बाहर है।

मृतक के परिजनों ने लगाये हैं गंभीर आरोप

मृतक के भाई का आरोप है कि उसका भाई ज्यादातर समय मंत्री के बेटे के साथ रहता था। आरोप तो यहां तक मंत्री का बेटा पिस्टल हमेशा साथ लेकर जाता था, लेकिन कल क्यों लेकर नहीं गया। इस सवाल पर भी मंत्री कौशल किशोर ने सफाई दी है। उन्होंने मीडिया को दिये बयान में कहा है कि उनका बेटा अपनी बीमार मां को देखने कल दिल्ली गया था। ऐसे में पिस्टल साथ ले जाने का सवाल ही नहीं उठता है। उन्होंने यह भी कहा है कि पुलिस को निष्पक्ष जांच के लिए कहा है। उन्होंने यह भी माना है कि मृतक उनके बेटे का दोस्त था।

जिस दौरान विनय को गोल मारी गई, उस समय मंत्री के नये घर पर विकास किशोर के तीन दोस्त मौजूद थे। इस हत्या में जिन तीन लोगों पर आरोप लगाया गया है उसमें  अजय रावत, अंकित शर्मा और शमीम बाबा बताये जा रहे हैं। मृतक के भाई ने मंत्री के बेटे पर भी गंभीर आरोप लगाये हैं। हालांकि पुलिस ने तीन आरोपितों के नाम पर ही मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

यह भी पढ़ें : लखनऊ में ट्यूशन पढ़ाकर लौट रही युवती से रेप की कोशिश, नाकाम होने पर आरोपितों ने चाकू से बोला हमला

 

संबंधित समाचार