Kanpur में डिप्टी सीएम ब्रजेश पाठक बोले- उत्तर प्रदेश अब बीमारू राज्य नहीं रहा, कई सेक्टर में देश में बना नंबर वन
डिप्टी सीएम ब्रजेश पाठक कानपुर पहुंचें।
डिप्टी सीएम ब्रजेश पाठक कानपुर पहुंचें। इस दौरान उन्होंने कहा कि देश और प्रदेश के विकास के लिए शहर का विकास जरूरी है।
कानपुर, अमृत विचार। उद्योग जगत में कानपुर शहर मैन्चेस्टर ऑफ ईस्ट के नाम से जाना जाता था। मिलें बंद हुई तो शहर में बड़े उद्योग स्थापित हो गए। उन उद्योगों ने पूरे देश में कानपुर शहर का नाम रौशन किया। इसके बाद अब युवा व्यापार में अपने नव विचार के जरिए शहर का नाम रौशन कर रहे हैं। कानपुर का प्रदेश के आर्थिक विकास में हमेशा से बड़ा योगदान रहा है। इसलिए कानपुर के विकास के बगैर प्रदेश और देश का विकास नहीं हो सकता।
यह कहना है प्रदेश के उपमुख्यमंत्री ब्रजेश पाठक का। वे शनिवार को गैंजेज क्लब में हुए यूथ वर्क्स एसोसिएशन के ग्रोथऑन 2023 में शिरकत करने शहर आये थे। कार्यक्रम में बतौर मुख्य अतिथि उन्होंने समारोह की शुरुआत की। इस दौरान जिलाधिकारी विशाख जी अय्यर, केआईडीसी के चेयरमैन विजय कपूर व एसोसिएशन के संस्थापक अध्यक्ष कार्तिक कपूर मौजूद रहे।
समारोह में डिप्टी सीएम ने कहा कि आज उत्तर प्रदेश तेजी से बदल रहा है। उत्तर प्रदेश अब पिछड़ा राज्य नहीं रहा। उत्पादन के क्षेत्र में गेंहू पैदावार में सूबा देश में नंबर वन है। इसी तरह दूध और चीनी के उत्पादन में भी पूरे देश में अव्वल है। सभी जिलों में लगातार बिजली आ रही है। 6 एक्सप्रेस वे बने हैं। लगातार सड़के बनाई जा रही हैं। एयरपोर्ट का भी जाल बिछाया जा रहा है। इसलिए यूपी अब बीमारू राज्य नहीं है।
समारोह में उन्होंने यह भी कहा कि यहां पर आकर मुझे युवाओं के स्टार्टअप देखकर बहुत खुशी हुई। यहां पर युवा कृषि, बिजली की बचत और विज्ञान के क्षेत्र से जुड़े कई बेहतर स्टार्टअप लेकर आए है। यह मंच युवाओं की ओर से युवाओं को दिया जाने वाला एक ऐसा मंच है जो स्टार्टअप करने वाले युवाओं को बेहतर रास्ता दिखाता है। उम्मीद है यहां पर अपना स्टार्टअप लेकर आने वाले युवा भविष्य में बेहतर उद्योगपति बनकर उभरेंगे। उन्होंने कहा कि सरकार की ओर से भी जो सहायता युवाओं को चाहिए उन्हें दी जाएगी।
देश विज्ञान में सबसे आगे
डिप्टी सीएम ब्रजेश पाठक ने इसरो के रॉकेट आदित्य एल-1 की लांचिक के लिए सभी वैज्ञानिकों को बाधाई भी दी। उन्होंने कहा कि भारत अंतरिक्ष अनुसंधान के क्षेत्र में पूरे विश्व में अव्वल है। उन्होंने यह भी कहा कि भारत विज्ञान क्षेत्र में पूर्व में कोविड के दौरान भी सभी देशों से आगे रहा था। देश के वैज्ञानिकों ने उस वक्त एक साथ दो टीके बनाकर विश्व के 140 देशों को भेजा था। इससे पूरे विश्व में कोविड जैसी महामारी से करोड़ो लोगों की जान बची थी।
युवाओं से की बातचीत
ग्रोथऑन 2023 में आए डिप्टी सीएम ने यहां पर लगे 29 स्टॉलों पर जाकर अपने स्टॉर्टअप लेकर आए युवाओं से बातचीत भी की। उन्होंने स्टॉल पर लगे नवीन उत्पादों के बारे में बारीकी से जानकारी भी ली। इस दौरान खासतौर पर बिजली की बचत, विज्ञान और शिक्षा में नवीन विचार लेकर आए युवाओं से उन्होंने उत्पादों के बारे में समझा। युवाओं से कई सवाल भी किए। शिक्षा के स्टॉल पर युवाओं के जवाब से संतुष्ट न होने पर उन्होंने दोबारा सवाल पूछ पूरी जानकारी ली।
इन्वेस्टर भी हुए शामिल
ग्रोथऑन 2023 में युवाओं के स्टॉर्टअप देखने के लिए 91 इन्वेटस्टर भी शामिल हुए। इन बड़े औद्योगिक घरानों के प्रतिनिधियों की ओर से युवाओं से स्टार्टअप की पूरी जानकारी हासिल की। इसके अलावा इन्वेट के बाद उसके लाभ की जानकारी हासिल की। इस दौरान मार्केट रिसर्च और उत्पादन की क्षमता वर भी विस्तार से चर्चा हुई।
इन कंपनियों के स्टार्टअप हुए शामिल
स्पेशल फॉर यू, आरब्रे क्रिएशन, एयरफोरू, आईडीएफसी बैंक, रेडी कैब, इंडियन बैंक स्टार्टअप, पैशन ग्रुप, ईपीआर रीसाइक्लर, वीके पैकवेल, आरएन एव, रीसाइकिल सिटी, सीएसजेएम इनोवेशन फाउंडेशन, सनसाइन टेक्नोलॉजी, एलसीबी फर्टलाइजर, फूल, एसआईआईसी, नोवा अर्थ, माई पाठशाला, एसेस और कानपुर स्टोरीज।
