शाहजहांपुर: पेट्रोल लेकर आत्महत्या करने एसपी ऑफिस पहुंचा पीड़ित, मचा हड़कंप
छीना झपटी में डिब्बा नीचे गिर गया, नहीं हो रही थी कार्रवाई, सीओ को जांच सौपी
फोटो- पेट्रोल लेकर एसपी कार्यालय पहुंचा विनोद पुलिस की गिरफ्त में।
शाहजहांपुर, अमृत विचार। बंडा क्षेत्र का एक युवक पेट्रोल प्लास्टिक के डिब्बे में लेकर आत्मदाह करने के लिए एसपी कार्यालय पहुंचा। युवक ने झोले से पेट्रोल समेत डिब्बा बाहर निकाला तो सिपाहियों ने उसे पकड़ लिया। इस दौरान कार्यालय के बाहर हड़कंप मच गया। सिपाहियों ने उसे एसपी के सामने पेश कराया। पीड़ित ने कहा कि उसके भाई की हत्या कर दी गई थी और कोई कार्रवाई नहीं हुई। एसपी ने सीओ पुवायां को जांच दी।
थाना क्षेत्र के गांव नवदिया निवासी विनोद कुमार अपनी मां और दो बेटों के साथ शुक्रवार की दोपहर एक बजे एसपी कार्यालय पहुंचा। उसने थैले से पेट्रोल समेत प्लास्टिक डिब्बा निकालकर ढक्कन खोलने लगा। दो सिपाहियों ने उसे पकड़ लिया और छीना झपटी में डिब्बा नीचे गिर गया।
सिपाहियों ने पेट्रोल समेत डिब्बा अपने कब्जे में ले लिया। सिपाही पीड़ित विनोद को लेकर एसपी के पास ले गए। पीड़ित ने बताया कि जून माह में गांव के चार लोगों ने जंगली सुअर का शिकार करने के लिए तार लगा रखे थे और करंट छोड़ रखा था। उसका भाई भोले शंकर सुबह खेत पर शौच करने के लिए गया तो करंट से उसकी मौत हो गई थी।
पुलिस ने मृतक की पत्नी शीला देवी की तरफ से गांव के बलदेव के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज की थी। पीड़ित विनोद का आरोप है कि पुलिस ने चार्जशीट लगा दी और आरोपी के खिलाफ कार्रवाई नहीं की गई। आरोपी उसे जान से मारने की धमकी दे रहे है। एसपी ने पीड़ित की बात को सुनकर सीओ पुवायां को जांच देकर कार्रवाई का आश्वासन दिया है।
फरियादी विनोद कुमार का कहना है कि उसके भाई भोले की लोहे के तार में छोड़े गए करंट से मौत हो गई थी। आरोपी बलदेव के खिलाफ मुकदमा दर्ज कराया था। उसका आरोप है कि पुलिस ने कोई कार्रवाई नहीं की। जबकि मृतक की पत्नी शीला ने रिपोर्ट दर्ज कराई थी। आरोपी के खिलाफ कार्रवाई करके चार्जशीट भेज दी गई थी। मृतक की पत्नी कार्रवाई से संतुष्ट है। पीड़ित ने पेट्रोल कहां से खरीदा है, पंप सेल्समैन के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी, क्यों कि उसने डिब्बे में तेल क्यों दिया---अशोक कुमार मीणा एसपी।
यह भी पढ़ें- शाहजहांपुर: बुखार का प्रकोप नहीं हो रहा कम, दो गांवों में पांच की जा चुकी जान
