Chitrakoot News: गश्त में लापरवाही करने वालों पर करें दंडात्मक कार्रवाई, पुलिस अधीक्षक ने बैठक कर दिए ये निर्देश

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

चित्रकूट में पुलिस अधीनस्थ ने अधीनस्थों को दिए सख्त निर्देश।

चित्रकूट में पुलिस अधीक्षक वृंदा शुक्ला ने पुलिस अधिकारियों और कर्मचारियों के साथ बैठक की। इस दौरान उन्होंने गश्त में लापरवाही करने वालों पर दंडात्मक कार्रवाई के निर्देश दिए।

चित्रकूट, अमृत विचार। पुलिस अधीक्षक वृंदा शुक्ला ने रात्रि गश्त में लापरवाही और काम में शिथिलता दिखाने वाले पुलिसकर्मियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई के निर्देश दिए हैं। क्षेत्र में बढ़ती चोरियों और उनका खुलासा न होने पर एसपी ने बीते दिन कोतवाली में जिले के पुलिस अधिकारियों और कर्मचारियों की बैठक की और उनके कामों की समीक्षा की।

इस मौके पर क्षेत्राधिकारी नगर हर्ष पांडेय भी मौजूद रहे। एसपी ने हिदायत दी कि जिन बीट कांस्टेबिलों द्वारा शिथिल पर्यवेक्षण किया जा रहा है और जो रात्रि गश्त नहीं कर रहे हैं, उन पर दंडात्मक कार्रवाई की जाए। एसपी ने सभी बीट कांस्टेबिलों और हल्का इंचार्जों को निर्देश दिए कि वे जनता का विश्वास जीतें, लोगों से संवाद स्थापित करें। अपने संपर्क सूत्र स्थापित करें।

आगाह किया कि वे नियमित रूप से अपने हल्के के सभी क्षेत्रों में भ्रमण करें अन्यथा कार्रवाई की जाएगी। बढ़ते अपराध के प्रति अंकुश लगाने में सभी मिलकर काम करें। बैठक के दौरान प्रभारी निरीक्षक कोतवाली गुलाब त्रिपाठी, अपराध निरीक्षक अजीत कुमार पांडेय,  प्रभारी सीतापुर श्यामदेव सिंह, चौकी प्रभारी शिवरामपुर चंद्रमणि पांडेय आदि अधिकारी-कर्मचारी मौजूद रहे।

अपना मुखबिर तंत्र भी विकसित करें

पुलिस अधीक्षक ने घटनाओं के खुलासे और अपराधों की रोकथाम के लिए अधीनस्थों को जिम्मेदारी दिखाने को कहा। उन्होंने अधिकारियों से कहा कि वे अपना मुखबिर तंत्र तैयार करें। मुखबिरों से मिली जानकारी कई बार काफी लाभदायक  साबित होती है।

संबंधित समाचार