Etawah News: ससुर ने दामाद की गला घोंटकर की हत्या, शव को छिपाया, बिना मर्जी के शादी से थे नाराज, चार गिरफ्तार
इटावा में परिवार की मर्जी के बिना शादी करने से नाराज ससुर ने की दामाद की हत्या।
इटावा में परिवार की मर्जी के बिना शादी करने से नाराज ससुर ने दामाद की हत्या कर दी। पुलिस ने ससुर साली साढू सहित एक अन्य को गिरफ्तार कर लिया।
इटावा, अमृत विचार। जिला अस्पताल में अपनी पत्नी की डिलीवरी करने आए युवक को उसके ससुर व साढू बहाने से ले गए और उसकी हत्या कर शव को नगला श्याम सुंदर के पास छिपा दिया। जानकारी होने पर पत्नी ने अपहरण कर हत्या करने की आशंका जताते हुए इसकी शिकायत सिविल लाइन थाने में की। शिकायत मिलने के बाद हत्या के आरोप में युवक के ससुर, साली व उसके पति को हिरासत में लेकर पूछताछ की।
पूछताछ में उसने हत्या कर शव को छिपा देने की बात कबूली। पुलिस ने उनकी निशानदेही पर शव को बरामद कर लिया। युवक की पत्नी ने हत्या के कुछ घंटे पहले ही बेटे को जन्म दिया था। पुलिस ने चार लोगों को गिरफ्तार किया है।
नौगांव चित्रहाट आगरा की रहने वाली रोशनी को डिलीवरी के लिये उसके पति प्रमोद उर्फ बंटू ने 8 सितंबर को जिला अस्पताल में भर्ती कराया था। शनिवार की रात को रोशनी ने एक बेटे को जन्म दिया। इसकी जानकारी रोशनी के मायके वालों को मिली तो उसके पिता, जीजा और बहन आई। सभी लोग गाड़ी में बैठाकर बहाने से प्रमोद को लेकर चले गये और उसकी हत्या करके शव को नगला श्याम सुदर के पास खेत में फेंक दिया।
प्रमोद के गायब होने पर पत्नी रोशनी ने इसकी जानकारी पुलिस को दी। पुलिस ने तीनों को हिरासत में लेकर पूछताछ की। पूछताछ में तीनों ने हत्या की बात कबूल कर ली है। पुलिस को आरोपियों ने बताया कि रोशनी व प्रमोद में प्रेम संबंध थे और एक साल पहले इन दोनों ने घर से जाकर मां-बाप की बिना मर्जी के शादी कर ली थी।
इसी आक्रोश में प्रमोद के यहां आने की जानकारी मिली और उसको ले जाकर हत्या कर दी। एसएसपी संजय वर्मा ने बताया कि महिला से अस्पताल में पूछताछ की गई। महिला ने भी अपने परिजनों पर हत्या के आरोप लगाए। पुलिस ने इस सम्बंध में रोशनी के पिता नरोत्तम निवासी नौगवां थाना चित्रहाट आगरा उसकी बहन आरती बहनोई गंधर्व उर्फ पप्पू निवासी अंडावली थाना बलरई व नौगवां निवासी मुकेश कुमार को गिरफ्तार कर लिया है।
एसएसपी ने बताया कि बिना परिवार की मर्जी से शादी करने से नरोत्तम व उसके परिवारी जन प्रमोद से नाराज थे। इसी के चलते उन लोगों ने उसकी हत्या कर दी पुलिस ने घटना में प्रयुक्त गमछा व जायलों कार की भी अपने कब्जे में ले लिया है।
एसएसपी ने बताया कि अपहरण के साथ हत्या शव को छिपाने की धाराओं में बढोत्तरी की गई। शव का पोस्टमार्टम कराकर प्रमोद के परिजनों को सौंप दिया गया। पुलिस ने आवश्यक कार्रवाई के बाद उन्हें जेल भेज दिया।
