मुरादाबाद : रेलवे अस्पताल के डॉक्टर ने दुष्कर्म का वीडियो बनाकर किया ब्लैकमेल, अब दहेज में मांग रहा 50 लाख रुपये

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

प्रेम-प्रसंग में धोखाधड़ी : वीडियो वायरल करने की धमकी देकर करता रहा दुष्कर्म, गर्भवती हुई तो कराया दिया गर्भपात... पुलिस से शिकायत की धमकी पर डॉक्टर ने कर ली शादी

मुरादाबाद, अमृत विचार। रेलवे अस्पताल के डॉक्टर द्वारा युवती से दुष्कर्म करने का मामला सामने आया है। पीड़िता का आरोप है कि डॉक्टर ने उसके साथ जब पहली बार दुष्कर्म किया तो उसने वीडियो बना लिया था। इसी वीडियो को वायरल करने की धमकी देकर वह आए दिन उससे दुष्कर्म कर रहा था। गर्भवती होने पर उसका गर्भपात करा दिया। युवती ने पुलिस से शिकायत की धमकी दी तो उसने कार्रवाई से बचने को विवाह भी कर लिया और अब उससे दहेज के 50 लाख रुपये मांग रहा है। रुपये की मांग पूरी न होने पर विवाहिता को डॉक्टर ने मारपीट कर घर से निकाल दिया। न्याय के लिए पीड़िता ने कई उच्चाधिकारियों से भी गुहार लगाई थी। विवाहिता ने सोमवार को आरोपी पति डॉ. वीरेंद्र कुमार, उनकी पत्नी व दोनों बेटों समेत चार के विरुद्ध सिविल लाइंस थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई है।

पीड़िता का आरोप है कि डॉ. वीरेंद्र कुमार ने उसके साथ धोखाधड़ी एवं षडयंत्र रचकर अपने प्रेमजाल में फंसाया। 21 अप्रैल 2021 को गेस्ट हाउस में ले जाकर कोल्ड ड्रिंक में नशीला पदार्थ मिलाकर पिलाया, उसके अचेत होने पर दुष्कर्म किया। इस घटना का आरोपी ने वीडियो भी बना लिया। वीडियो वायरल करने के नाम पर काफी समय तक उससे दुष्कर्म करता रहा और वह गर्भवती हो गई। आरोपी ने महिला को गर्भ निरोधक दवा खिलाकर उसका गर्भपात भी करा दिया। महिला ने पुलिस में शिकायत करने की बात कही तो डॉ. वीरेंद्र कुमार ने पीड़िता के संग 25 जनवरी 2022 को विवाह कर लिया था। 27 जनवरी 2022 को विवाह का रजिस्ट्रेशन कराया था। महिला का आरोप है कि अब डॉ. वीरेंद्र कुमार उससे 50 लाख रुपये दहेज की मांग रहा है। इसके लिए उसे वह शारीरिक व मानसिक रूप से प्रताड़ित कर रहा है। 

आरोप है कि डॉ. वीरेंद्र व उसके पिता विजयपाल, मां हरनंदी, भाई सत्येंद्र ने उसके साथ मारपीट की और घर से निकाल दिया है। डॉ. वीरेंद्र कुमार बुलंदशहर जिले के 1215-एमएच पाठक नई बस्ती जहांगीराबाद के रहने वाले हैं। पीड़िता ने पुलिस को बताया है कि घटना के संबंध में उसने 22 मार्च 2023 को डीआईजी को प्रार्थना पत्र देकर गुहार लगाई थी। जिस पर आरोपी ससुराल वालों ने अपने को फंसता देखकर उससे समझौता कर लिया था। उसे ससुराल में रखने को राजी हो गए थे लेकिन, फिर वह लोग उसे परेशान करने लगे।

20 अगस्त के दिन उसे मारपीट कर घर से निकाल दिया। इस मामले में डॉ. वीरेंद्र से उनका पक्ष जानने को संपर्क किया गया तो उन्होंने कहा, वह थाने में हैं। मिलकर बात कर लेंगे। बताया कि इस समय वह रेलवे अस्पताल में नहीं बल्कि उनकी ड्यूटी बाहर चल रही है। उधर, सिविल लाइंस थानाध्यक्ष राम प्रसाद शर्मा ने बताया कि पीड़िता की तहरीर पर आरोपियों के विरुद्ध नामजद रिपोर्ट दर्ज की गई है। प्रकरण की जांच कर कार्रवाई की जाएगी।

ये भी पढ़ें : मुरादाबाद : पत्थर से कुत्ते का सिर कूचकर मार डाला, सीसीटीवी कैमरे में रिकॉर्ड हुई घटना

 

संबंधित समाचार