महिलाओं को 33 प्रतिशत आरक्षण देने वाला नारीशक्ति वंदन विधेयक लोकसभा में पेश, बुधवार को होगी चर्चा

Amrit Vichar Network
Published By Amrit Vichar
On

नई दिल्ली। सरकार ने संसद के निचले सदन, राज्य विधानसभाओं और दिल्ली विधानसभा में महिलाओं को एक तिहाई आरक्षण प्रदान करने से संबंधित ऐतिहासिक नारीशक्ति वंदन विधेयक को मंगलवार को लोकसभा में पेश कर दिया। विधि एवं न्याय मंत्री (स्वतंत्र प्रभार) अर्जुनराम मेघवाल ने विपक्ष के शोर-शराबे के विपक्ष संविधान (एक सौ अट्ठाईसवां संशोधन) विधेयक, 2023 पेश किया।

नये संसद भवन में पेश होने वाला यह पहला विधेयक है। मेघवाल ने विधेयक पेश करते हुए कहा कि यह विधेयक महिला सशक्तीकरण से संबंधित विधेयक है और इसके कानून बन जाने के बाद 543 सदस्यों वाली लोकसभा में महिला सदस्यों की मौजूदा संख्या (82) बढ़कर 181 हो जाएगी। इसके पारित होने के बाद विधानसभाओं में भी महिलाओं के लिए 33 प्रतिशत सीट आरक्षित हो जाएंगी। उन्होंने कहा कि विधेयक में फिलहाल 15 साल के लिए आरक्षण का प्रावधान किया गया है और संसद को इसे बढ़ाने का अधिकार होगा।

मेघवाल ने 2010 में महिला आरक्षण विधेयक राज्यसभा में पारित होने के बाद उसे लोकसभा से पारित न कराने को लेकर तत्कालीन मनमोहन सिंह सरकार की मंशा पर संदेह व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि राज्यसभा में पारित होने के बावजूद महिला आरक्षण विधेयक लोकसभा में पारित नहीं कराया जा सका, यह तत्कालीन मनमोहन सिंह सरकार की नाकामी को दर्शाता है।

इस बीच अध्यक्ष ओम बिरला ने कहा कि विधेयक पर चर्चा बुधवार को होगी। इससे पहले प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने लोकसभा को संबोधित करते हुए कहा की उनकी सरकार लोकसभा एवं राज्य विधानसभाओं में महिला आरक्षण के प्रावधान वाले ‘‘नारीशक्ति वंदन विधेयक’’ को कानून बनाने के लिए संकल्पबद्ध है।

मोदी ने कहा, ‘‘नारी शक्ति वंदन अधिनियम के माध्यम से हमारा लोकतंत्र और मजबूत होगा। मैं देश की माताओं, बहनों और बेटियों को नारी शक्ति वंदन अधिनियम के लिए बहुत-बहुत बधाई देता हूं।’

ये भी पढे़ं- पीएम मोदी ने नए संसद भवन को बताया अमृतकाल का ऊषाकाल, कहा- अतीत की कड़वाहट को भूलें

 

संबंधित समाचार

टॉप न्यूज

Lucknow Fire Tragedy : लखनऊ पहुंचे रक्षामंत्री राजनाथ सिंह, घटनास्थल का लिया जायजा, पीड़ितों से भी करेंगे मुलाकात
Lucknow Fire Tragedy : अलीगंज कोचिंग सेंटर अग्निकांड में अबतक 18 की मौत, CM ने की हाई लेवल मीटिंग, दो सदस्यीय एसआईटी गठित
Lucknow Fire Tragedy : 14 मिनट में पहुंचीं 22 एंबुलेंस, हादसे के बाद अलर्ट मोड में 108-102 सेवाएं, घायलों को तत्काल ट्रॉमा सेंटर पहुंचाया गया
Lucknow Fire Tragedy : ट्रॉमा सेंटर में चीखें, आंसू और टूटते सपने... अपनों की तलाश में भटकते परिजनों की सिसकियों से गूंज उठा परिसर
लखनऊ अग्निकांड : नक्शे से अलग हुआ था निर्माण, फायर एनओसी भी नहीं, जांच में सामने आई बड़ी लापरवाही