Farrukhabad News: खेत में पानी को लेकर हुआ विवाद, पूर्व प्रधान पर फावड़े से किया हमला… इलाज के दौरान मौत

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

फर्रुखाबाद में हमले में घायल पूर्व प्रधान की मौत।

फर्रुखाबाद में खेत में पानी को लेकर विवाद हो गया। इस पर गांव के ही कुछ लोगों ने पूर्व प्रधान पर फावड़े से हमला बोल दिया। घायल पूर्व प्रधान की इलाज के दौरान मौत हो गई।

फर्रुखाबाद, अमृत विचार। शमसाबाद थानाक्षेत्र में खेत में बरसात का पानी बंद करने को लेकर विवाद हो गया। विवाद के दौरान ही हमलावरों ने पूर्व प्रधान को फावड़ा मार दिया था। हमले में पूर्व प्रधान गंभीर रूप से घायल हो गए थे। परिजनों ने उपचार के लिए कानपुर के एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया था। जहां इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई। घटना से परिजनों में कोहराम मच गया। 

शमसाबाद थानाक्षेत्र के गांव पहाड़पुर बैरागढ़ निवासी पूर्व प्रधान रक्षपाल ( 52 ) बरसात का पानी अपनी गोभी के खेत से बंद कर रहे थे। बीते 15 सितंबर को गांव के ही पप्पू और सदानन्द ने पूर्व प्रधान पर फावड़ा से हमला कर दिया था। हमले में पूर्व प्रधान गिर पड़े। आनन-फानन में परिजनों ने उपचार के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचे। जहां से डॉक्टरों ने हालत गंभीर देख लोहिया अस्पताल रेफर कर दिया।

इसके बाद परिजन कानपुर ले गए। जहां पूर्व प्रधान का निजी अस्पताल में इलाज चल रहा था। रविवार को इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई। थानाप्रभारी थानाध्यक्ष बलराज भाटी ने बताया मृतक के मेडिकल रिपोर्ट के आधार पर मुकदमा तरमीम किया जाएगा। आरोपियों के खिलाफ कठोर कार्रवाई की जाएगी।

संबंधित समाचार