लखनऊ : संघ प्रमुख मोहन भागवत ने सामाजिक समरसता पर दिया जोर
लवजिहाद और मतान्तरण को लेकर चल रहे जन जागरण अभियान को तेज करेगा संघ
लखनऊ, अमृत विचार। अवध प्रांत के चार दिवसीय प्रवास पर लखनऊ आये संघ प्रमुख मोहन भागवत ने रविवार को आयोजित बैठकों में हिस्सा लिया। इस दौरान उन्होंने सामाजिक समरसता पर जोर दिया। इसके अलावा ग्रामीण अंचल में समाजविरोधी और अराष्ट्रीय तत्वों की गतिविधि को रोकने के प्रयास की समीक्षा भी की। साथ ही लवजिहाद, मतान्तरण आदि के विरुद्ध जन जागरण अभियान की जानकारी उन्हें दी गई। यह बैठक निराला नगर स्थित सरस्वती शिशु मंदिर में आयोजित की गई।
दरअसल, राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के सरसंघचालक डॉ. मोहन भागवत शुक्रवार को चार दिवसीय प्रवास पर लखनऊ पहुंचे थे। रविवार को उनके प्रवास का तीसरा दिन है। संघ प्रमुख के इस दौरे को अगले वर्ष होने वाले लोकसभा चुनाव से जोड़कर देखा जा रहा है। रविवार को बैठक में हुई चर्चा भी इस ओर इशारा कर रही है। जिससे आने वाले समय में राष्ट्रवाद और हिंदूत्व की धार को तेज किया जा सके और साल 2024 के लोकसभा चुनाव में भाजपा के पक्ष में बेहतर वातावरण बनाया जा सके।
बैठक के दौरान अवध प्रांत में संघ कार्य के विस्तार को लेकर विभिन्न विषयों पर चर्चा हुई। जिसमें समाज के उन लोगों से जो अपने-अपने स्थान पर स्वयं का कार्य करते हुए समाज एवं राष्ट्र के बारे में निरंतर चिंतन करते रहते हैं, ऐसे लोगों से संपर्क करने एवं उनके सहयोग से समाज में विभिन्न सकारात्मक क्रियाकलापों को गति देने की बात की गई।
बता दें कि राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के स्वयंसेवक वर्षों से शाखा कार्य के माध्यम से लगातार राष्ट्र कार्य में लगे हुए हैं। शाखा पर व्यक्ति निर्माण के माध्यम से राष्ट्र निर्माण के समस्त कार्यों के लिए सामर्थ्य प्राप्त करते हुए समाज जीवन के अलग-अलग प्रकार के कार्य हो रहे हैं। संघ के स्वयंसेवकों द्वारा किए जाने वाले सभी कार्य सेवा और राष्ट्र निर्माण के लिए ही हैं।
यह भी पढ़ें : लखनऊ : आयुष्मान मेले में बोले डिप्टी सीएम- लोगों को स्वास्थ्य संबंधी योजनाओं की जानकारी होना जरूरी
