आगरा में सत्संग सभा के बाद एक और जमीनी विवाद ने पकड़ा तूल, पुलिस कार्यालय पर जोरदार प्रदर्शन
आगरा, अमृत विचार। दयालबाग़ में अवैध जमीन को लेकर सत्संगियों और जिला प्रशासन का विवाद अभी शांत भी नहीं हो पाया था कि अब थाना जगदीशपुरा क्षेत्र में एक और जमीनी विवाद ने तूल पकड़ लिया है। जिसको लेकर एक पक्ष ने पुलिस लाइन स्थित अतिरिक्त पुलिस आयुक्त के कार्यालय पर जोरदार प्रदर्शन किया। वरिष्ठ अधिवक्ता सुरेश चंद सोनी के नेत्रत्व में दर्जनों की संख्या में क्षेत्रीय लोग वहां पहुंचें और स्थानीय पुलिस की कार्यशैली को लेकर जमकर नारेबाजी की।
प्रदर्शनकारियों ने अपर पुलिस उपायुक्त शिवराम यादव से मुलाकात कर जमीन पर मालिकाना हक जताया और उस पर कुछ लोगों के द्वारा जबरन कब्ज़ा किए जाने की भी बात कही। मामला इस तरह भी हाई प्रोफाइल माना जा रहा है क्योंकि प्रदेश सरकार में कैबिनेट मंत्री के भतीजे सुनील गोली और उसके साथियों पर अवैध कब्ज़ा करने का आरोप है।
पुलिस अधिकारियों से बातचीत के दौरान ने शिकायतकर्ता रमेश चंद सोनी ने बताया कि विवादित जमीन का सौदा वर्ष 2017 में किया था। जो कि थाना जगदीशपुरा के भीम नगर स्थित 46/1116/1ए संख्या के रूप में आबादी क्षेत्र में अंकित है। जिसकी अब रजिस्ट्री भी करा ली गई है। पुलिस के सामने उन्होंने जमीन पर काबिज होने का दावा भी किया।
रमेश चंद सोनी ने बताया कि 23 सितंबर 2023 की शाम सुनील गोली और उनके तमाम साथी उक्त जमीन पर आए और बलपूर्वक कब्ज़ा करने की कोशिश की, जिसकी सीसीटीवी फुटेज भी पुलिस को दी गई है। अपर पुलिस उपायुक्त शिवराम यादव से शिकायत करते हुए उन्होंने कहा कि इसके बावज़ूद भी स्थानीय पुलिस ने उनकी कोई मदद नहीं की। अपर पुलिस उपायुक्त शिवराम यादव ने सभी की बात को ध्यान से सुना और घटना का संज्ञान लेते हुए मामले की जांच कर न्याय संगत कार्रवाई का भरोसा दिलाया है।
ये भी पढ़ें -प्रयागराज : यूट्यूबर पर दोस्तों संग नशीली कोल्डड्रिंक पिलाकर दो युवतियों से दुष्कर्म का आरोप
