सीतापुर : शारदा सहायक नहर से बरामद हुआ युवक का शव
अमृत विचार,बिसवां/सीतापुर। थाना इलाके में 24 घण्टे पहले शारदा सहायक नहर में कूदे एक युवक का शव गोताखोरों ने बरामद कर लिया। परिजनों ने युवक के दो दोस्तों पर आरोप लगाते हुए थाने में तहरीर दी है। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। युवक की मौत के बाद परिवार में कोहराम मचा हुआ है।
जानकारी के अनुसार,क्षेत्र के ग्राम कोटरा निवासी मोहित यादव (26) वर्ष पुत्र गया प्रसाद मंगलवार की सुबह घर से दोस्तों से मिलने की बात कहकर निकाला था। परिवार वालों का कहना है कि घर से निकलने के कुछ ही देर बाद सूचना मिली कि वह शारदा सहायक नहर में कूद गया है। घटना के बाद परिजनों ने मामले की सूचना पुलिस को दी। सूचना पर मौके पर पहुंची पुलिस ने स्थानीय गोतख़ोरों की मदद से तलाश की। बुधवार की शाम मोहित का शव बरामद हुआ। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
प्रभारी अपराध निरीक्षण हरि प्रकाश ने बताया कि मृतक के परिजनों ने दो दोस्तो पर आरोप लगाया है। शव की पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद अग्रिम कार्रवाई की जाएगी। दोनो दोस्तों को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है।
ये भी पढ़ें -प्रयागराज : सपा विधायक इरफान सोलंकी के करीबी मुरसलीन खान को मिली सशर्त जमानत
