महिला आरक्षण विधेयक भाजपा का 'जुमला': कांग्रेस अध्यक्ष खड़गे 

Amrit Vichar Network
Published By Amrit Vichar
On

रायपुर। कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे ने बृहस्पतिवार को कहा कि महिला आरक्षण विधेयक एक 'जुमला' है क्योंकि भाजपा सोचती है कि लोग उसे वोट देंगे और कुछ समय बाद पार्टी (भाजपा) द्वारा किए गए वादों को भूल जाएंगे।

उन्होंने दावा किया कि यह विधेयक वर्ष 2034 तक लागू नहीं होगा। छत्तीसगढ़ के भाटापारा जिले में एक कार्यक्रम को संबोधित करते हुए खड़गे ने कहा कि भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) 15 साल में वह नहीं कर सकी जो सत्ताधारी दल कांग्रेस ने राज्य में पांच साल में किया है।

उन्होंने कहा, ''छत्तीसगढ़ में किसानों, मजदूरों, महिलाओं और बच्चों के हित में कांग्रेस सरकार द्वारा किए गए कल्याणकारी कार्यों को देखकर भाजपा आश्चर्यचकित हो गई होगी।'' कांग्रेस अध्यक्ष ने कहा, ''महिला आरक्षण विधेयक, जो हाल ही में संसद में पारित हुआ, कोई नई बात नहीं है क्योंकि पूर्व प्रधानमंत्री राजीव गांधी ने पंचायत निकायों में महिलाओं के लिए आरक्षण सुनिश्चित करने के लिए संविधान में 73वां और 74वां संशोधन का मार्ग प्रशस्त किया था।

ये भी पढ़ें: शीर्ष सात शहरों में जुलाई-सितंबर में आवास बिक्री 36 प्रतिशत बढ़कर रिकॉर्ड 1,20,280 इकाई पर: एनारॉक 

'' उन्होंने कहा, "महिला आरक्षण विधेयक भी एक 'जुमला' है क्योंकि वे (भाजपा) सोचते हैं कि लोग उन्हें वोट देते हैं और कुछ समय बाद उनके द्वारा किए गए वादों को भूल जाते हैं।" उन्होंने दावा किया कि लोकसभा और राज्य विधानसभाओं में एक तिहाई सीट आरक्षित करने का लक्ष्य रखने वाला यह विधेयक 2034 तक लागू नहीं होगा।

खड़गे ने कहा कि कांग्रेस अन्य पिछड़ा वर्ग (ओबीसी) की जनगणना चाहती है क्योंकि इससे विस्तृत जानकारी मिलेगी, जिसके आधार पर कल्याणकारी कार्यक्रम शुरू किए जा सकेंगे। उन्होंने कहा, ''हमने संसद में भी कहा है कि महिला आरक्षण विधेयक के भीतर ओबीसी को कोटा मिलना चाहिए।'' खड़गे ने कहा कि भाजपा गरीबों को तबाह कर रही है और अमीरों को बढ़ावा दे रही है।

कांग्रेस नेता ने दावा किया कि पांच प्रतिशत लोगों के पास देश की 62 प्रतिशत संपत्ति है, जबकि 50 प्रतिशत लोगों के पास केवल तीन प्रतिशत संपत्ति है। उन्होंने भाजपा पर संविधान को नष्ट करने और उसके स्थान पर दूसरा संविधान लागू करने का प्रयास करने का भी आरोप लगाया। खड़गे ने कहा कि देश में संविधान और लोकतंत्र को बचाने के लिए लोगों को कांग्रेस और उसके नेता राहुल गांधी का समर्थन करना होगा। 

ये भी पढ़ें- केंद्र सरकार ने बैंकों को दिया निर्देश, कहा- बीमार पेंशनधारकों के घर जाकर जीवन प्रमाणपत्र लें बैंक कर्मचारी

संबंधित समाचार