UP: KPM अस्पताल बना अखाड़ा, महिला अधिवक्ता के साथ कर्मी ने की छेड़छाड़… हंगामा, स्वास्थ्य कर्मियों ने काम किया बंद

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

कानपुर के केपीएम अस्पताल में भर्ती महिला अधिवक्ता के साथ कर्मी ने छेड़छाड़ की।

कानपुर के केपीएम अस्पताल में भर्ती महिला अधिवक्ता के साथ कर्मी ने छेड़छाड़ की। महिला के साथी अधिवक्ताओं ने अस्पताल में हंगामा किया। इस दौरान स्वास्थ्य कर्मियों ने भी काम बंदकर दिया।

कानपुर, अमृत विचार। केपीएम अस्पताल में भर्ती एक महिला अधिवक्ता के साथ एक कर्मी ने छेड़छाड़ कर दी। महिला ने फोनकर अपने साथी अधिवक्ताओं को बुलाया, जिन्होंने अस्पताल में हंगामा किया। इसी दौरान स्वास्थ्य कर्मियों ने भी काम बंदकर दिया। सीएमएस के हस्तक्षेप के बाद मामला शांत हुआ। 

शहर की निवासी एक महिला अधिवक्ता तबीयत खराब होने पर करीब तीन दिन से बिरहाना रोड स्थित केपीएम अस्पताल में भर्ती थी। अधिवक्ता का आरोप है कि गुरुवार सुबह अस्पताल में मौजूद स्वास्थ्य कर्मी ने महिला से छेड़छाड़ कर दी। महिला ने जानकारी परिजनों को दी। परिजनों ने डॉक्टरों से शिकायत करनी चाही तो कर्मचारी ने उनको अस्पताल में बंद कर दिया।

जबकि कर्मचारी का कहना है कि वह सफाई कर रहा था, इसलिए उसने थोड़ी देर के लिए पंखा बंद कर दिया था। महिला ने पंखा चालू करने को कहा। इस पर कर्मी ने सफाई होने के बाद पंखा चालू होने की बात बोली तो गुस्साई महिला ने उसे तमाचा मार दिया। महिला अधिवक्ता ने फोनकर मामले की जानकारी अपने अधिवक्ता साथियों को दी।

वहीं, कर्मचारी के समर्थन में भी कई सफाई कर्मचारी अस्पताल पहुंच गए। साथ ही मौजूद स्वास्थ्य कर्मियों ने अस्पताल में काम करना बंद कर दिया। घटना के विरोध में अधिवक्ताओं ने भी अस्पताल में हंगामा किया।

अस्पताल में हंगामे की वजह से भर्ती मरीजों के बीच हड़कंप मच गया। कई मरीज बिना इलाज के लौटना पड़ा। कुछ मरीज इलाज कराने केपीएम से उर्सला गए। फीलखाना पुलिस का कहना है कि घटना के संबंध में कोई सूचना नहीं प्राप्त हुई है। सूचना आने पर कार्रवाई की जाएगी।

संबंधित समाचार