कानपुरवासियों के लिए अच्छी खबर, कॉर्डियोलॉजी में बनेगी हाईटेक इमरजेंसी, शासन से मिला 46 करोड़ रुपये का फंड
कानपुर के कॉर्डियोलॉजी संस्थान में हाईटेक इमरजेंसी बनेगी।
कानपुर के कॉर्डियोलॉजी संस्थान में हाईटेक इमरजेंसी बनेगी। शासन से कॉर्डियोलॉजी संस्थान को 46 करोड़ का फंड मिला। तीन मंजिला इमारत में सर्जरी व मेडिसिन दोनों की सुविधा होगी।
कानपुर, अमृत विचार। कॉर्डियोलॉजी संस्थान में जल्द ही परिसर में हाईटेक इमरजेंसी बनेगी, जो तीन मंजिल की होगी। इसमें मेडिसिन व सर्जरी दोनों विभाग बनेंगे। साथ ही लैब व ओटी का संचालन होगा। इसके लिए शासन से संस्थान को 46 करोड़ रुपये का फंड मिल गया है।
रावतपुर स्थित कॉर्डियोलॉजी संस्थान में कानपुर के साथ ही अन्य जिलों व प्रदेश से लोग इलाज के आते हैं। इसलिए यहां पर दिल के मरीजों की काफी भीड़ रहती है। मरीजों की बढ़ती भीड़ को देखते हुए अब यहां पर तीन मंजिल की हाईटेक इमरजेंसी का निर्माण होगा। इसके बाद यहां पर आने वाले मरीजों को हाईटेक सुविधा मिलेगी। यह हाईटेक इमरजेंसी वर्तमान इमरजेंसी के बगल में बनेगी।
निदेशक प्रो. राकेश वर्मा ने बताया कि इमरजेंसी के निर्माण के लिए कॉर्डियोलॉजी संस्थान को शासन से 46 करोड़ रुपये मिल चुके हैं। हाईटेक इमरजेंसी तीन मंजिल की होगी, जिसके प्रथम तल में जनरल इमरजेंसी, सर्जिकल इमरजेंसी व सीसीयू वार्ड होगा। द्वितीय तल में दो हाईटेक कैथ लैब स्थापित की जाएगी।
साथ ही दो ऑपरेशन थियेटर होंगे। तृतीय तल में सर्जरी व मेडिसिन के वार्ड होंगे। यह इमरजेंसी 180 बेड की होगी। इससे मरीजों को बेड की कमी भी नहीं होगी। वहीं, पर्याप्त डॉक्टर व आधुनिक उपकरण होने की वजह से मरीजों को इलाज में भी काफी आराम मिलेगा।
महामारी में नहीं होगी दिक्कत
भविष्य में अगर कोई कोविड जैसी महामारी आती है तो कॉर्डियोलॉजी संस्थान में भर्ती व आने वाले मरीजों को परेशानी का सामना नहीं करना पड़ेगा। ऐसी स्थिति होने पर यहां पर महामारी से ग्रस्त मरीजों की अलग से सुविधा होगी। इसके लिए ग्रीन, ऑरेंज व रेड जोन भी बनाए जाएंगे।
