Unnao पहुंचा ब्रिटेन का महिला प्रतिनिधि मंडल, युवाओं से कहा- एसिड अटैक महापाप पीड़ितों से न करें नफरत
उन्नाव पहुंचा ब्रिटेन का महिला प्रतिनिधि मंडल।
ब्रिटेन का महिला प्रतिनिधि मंडल उन्नाव पहुंचा। इस दौरान मंडल ने जिले के 12 गांव देखे। इसके सािा ही युवाओं से कहा कि एसिड अटैक महापाप पीड़ितों से नफरत न करें।
उन्नाव, अमृत विचार। ब्रिटेन की संस्था वेल्स मिस यूनिवर्स की निदेशक पौला की अगुवाई में रविवार को विदेशी महिला प्रतिनिधि मंडल की पांच सदस्यीय टीम ने बांगरमऊ तहसील क्षेत्र के एक दर्जन गावों का दौरा किया। प्रतिनिधि मंडल में शामिल महिलाओं ने लोगों से एसिड पीड़ित युवतियों से घृणा न कर उन्हें समाज की मुख्य धारा में लाने और एसिड अटैक जैसा पाप न करने के लिए जागरूक किया।
बता दें कि एसिड अटैक पीड़िताओं के संरक्षण व जागरूकता को लेकरअभियान चलाने वाली दिल्ली की एनजीओ नावमी-ए-सिस्टर हुड के फाउंडर व निदेशक आलोक दीक्षित के प्रयास से रविवार को ब्रिटेन के महिला प्रतिनिधि मंडल ने क्षेत्र के माढ़ापुर, खजुरिया, चहलहा, शिवपुरी व भुलभुलिया खेड़ा सहित करीब एक दर्जन गावों का दौरा किया।
जिसकी अगुवाई कर रही पौला वेल्स ने ग्रामीणों को लिंगभेद न करने के साथ बेटियों को उच्च शिक्षा दिलाने की अपील की। एसिड अटैक या अन्य कारणों से दिव्यांग हुई लड़कियों से घृणा न कर उन्हें संरक्षण देने के लिए जागरूक किया।
बताया कि यूके में लड़के-लड़कियों में भेदभाव नहीं किया जाता। लड़कियों को शिक्षित किया जाए तो वे हर क्षेत्र में मुकाम हासिल कर सकती हैं। विदेशी महिलाओं व ग्रामीणों के मध्य वार्ता के लिए दुभाषिया की भूमिका आलोक दीक्षित ने निभाई। प्रतिनिधि मंडल में ब्रिटेन की मौजूदा मिस यूनिवर्स जेसिका पेज, मिस इंटर नेशनल एलीसा और हैरिएट वेल्स शामिल रहीं।
मंदिर के कीर्तन में हुई शामिल, हुआ स्वागत
टीम की महिला सदस्य खजुरिया के मंदिर पर पुरातन वाद्य यंत्र खंझड़ी और झीका पर बिरहा और कीर्तन कर रहे ग्रामीणों से भेंटकर कार्यक्रम में शामिल हुई। उन सभी का भुलभुलिया खेड़ा गांव में नरेश द्विवेदी, विपिन, उत्सव, विनय, लक्ष्मी नारायण, मनीराम कुशवाहा, विजयपाल कुशवाहा व रामू कुशवाहा ने स्वागत किया।
जेसिका का मिस वर्ल्ड बनने का सपना
जसिका पेज ने बताया कि वह कड़ी प्रतिस्पर्धा के बाद अपने देश की मिस यूनिवर्स चुनी गई हैं। अब उन्हें मिस वर्ल्ड यूनिवर्स खिताब की प्रतिस्पर्धा में शामिल होना है। वह अपने देश के लोगों को यहां की संस्कृति से रूबरू कराएगी।
मूंगफली का पौधा देख अचंभे में पड़ी महिलाएं
महिला प्रतिनिधि मंडल उस समय आश्चर्य चकित रह गया जब उन्होंने भुलभुलिया खेड़ा स्थित एक खेत से मूंगफली का पौधा उखाड़ा। जिसमें गुच्छे में मूंगफली लटकती दिखीं। महिलाओं ने बताया कि पहले वह समझती थीं कि मूंगफली का पेड़ बड़ा होता होगा।
