Auraiya News: कार सवारों ने व्यापारी पर झोंका फायर… FIR दर्ज, पुलिस ने दो आरोपियों को किया गिरफ्तार
औरैया में फायर झोंकने पर पुलिस ने दो आरोपियों को गिरफ्तार किया।
औरैया में कार सवारों ने व्यापारी पर फायर झोंक दिया। पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर दो आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। आरोपियों के पास से तमंचा व कारतूस बरामद किया।
औरैया, अमृत विचार। गल्ला मंडी के पास एक ढाबा में बैठे व्यापारी पर कार सवार दो लोगों ने जान लेवा हमला करते हुए सीने से तमंचा सटाकर फायर कर दिया। कारतूस मिस होने से वह बाल-बाल बच गया। जानकारी पर पहुंची पुलिस ने एक आरोपित को मौके से जबकि दूसरे को दिबियापुर रोड से पकड़ लिया। मामले में पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर कार्रवाई शुरू कर दी है।
सदर कोतवाली के पढ़ीन दरवाजा मुहल्ला निवासी जीतू गुप्ता सोमवार रात नवीन गल्ला मंडी के पास एक ढाबा पर बैठे थे। इसी दौरान कार सवार ब्रह्मनगर निवासी हीरू तिवारी व साथी विधिचंद्र मुहल्ला निवासी बाबी चौधरी वहां पहुंचे और व्यापारी के साथ मारपीट कर दी। विरोध करने पर बदमाशों ने जानलेवा हमला करते हुए तमंचा सीने में सटा कर फायर कर दिया।
हालांकि कारतूस मिस होने पर वह बच गया। जानकारी पर कोतवाली पुलिस मौके पर पहुंची। वहां एक आरोपित को पुलिस ने मौके से पकड़ लिया। जबकि एक को पुलिस ने दिबियापुर रोड से दबोच लिया। आरोपित के पास से पुलिस ने तमंचा व कारतूस बरामद किया है।
मंगलवार सुबह व्यापारी जीतू की तहरीर पर जानलेवा हमला सहित अन्य गंभीर धाराओं में मुकदमा दर्ज कर कार्रवाई शुरू कर दी है। कोतवाल पंकज मिश्र ने बताया कि मामले में दोनों आरोपितों को पकड़ कर पूछताछ की जा रही है। जल्द कार्रवाई की जाएगी।
