मैनपुरी: विधायक अग्निहोत्री ने जन-जागरूकता रैली को हरी झंडी दिखाकर रवाना
मैनपुरी। पूर्व मंत्री, विधायक भोगांव रामनरेश अग्निहोत्री ने विशेष संचारी रोग अभियान, दस्तक अभियान के अंतर्गत जन-जागरूकता के उद्देश्य से कलेक्ट्रेट परिसर से जन-जागरूकता रैली को हरी झंडी दिखाकर रवाना करते हुए कहा कि प्रदेश सरकार के निर्देशन में वेक्टर जनित बीमारियों की रोकथाम हेतु निरंतर अभियान संचालित कर लोगों को जागरूक किया जा रहा है।
अग्निहोत्री ने कहा कि आज से संचारी रोगों की रोकथाम हेतु इस वर्ष तीसरे अभियान की शुरुआत हो रही है, जो 31 अक्टूबर तक संचालित होगा। इसी बीच 16 अक्टूबर से 31 अक्टूबर तक दस्तक अभियान का भी आयोजन किया जाएगा, जिसके अंतर्गत आशा, ए.एन.एम., आंगनबाड़ी कार्यकत्री, शहरी क्षेत्र से लेकर ग्रामीण क्षेत्र के प्रत्येक घर जाकर लोगों के स्वास्थ्य की जानकारी करेंगी, बुखार, खांसी, अन्य वेक्टर जनित बीमारियों से ग्रसित लोगों की सूची तैयार कर उन्हें बेहतर स्वास्थ्य सेवाएं प्रदान करने में इन कार्मिकों के द्वारा योगदान किया जाएगा।
उन्होंने जनपदवासियों का आह्वान करते हुए कहा कि मच्छर जनित बीमारियों से बचाव हेतु बरती जाने वाली सावधानियां के बारे में जागरुक होकर स्वयं, अपने परिवार, आस-पास के लोगों को वेक्टर जनित बीमारियों से बचाने में अपना योगदान दें, जल पात्रों यथा कूलर, गमले, फ्रिज की ट्रे की साप्ताहिक रूप से सफाई करें, किसी बर्तन में साफ पानी जमा न होने दें, अपने आस-पास कहीं भी जल-भराव न होने दें, पूरे आस्तीन के कपड़े पहने, स्वच्छता का विशेष ध्यान रखें, पशु बाड़ों की नियमित रूप से सफाई करें।
जिलाधिकारी अविनाश कृष्ण सिंह ने कहा कि शासन के निर्देशानुसार आज से प्रारंभ होने वाले तृतीय चरण की सभी तैयारियां पूर्ण कर ली गई हैं, अंतर्विभागीय अधिकारियों की बैठक कर कार्य योजना तैयार कर ली गई है। सम्बन्धित विभाग के अधिकारियों के साथ स्वास्थ्य विभाग समन्वय स्थापित कर संचारी रोग अभियान का सफल संचालन शासन की मंशा के अनुसार जनपद में किया जाएगा।
उन्होंने कहा कि दस्तक अभियान के तहत आशा, ए.एन.एम., आंगनबाड़ी कार्यकत्री घर-घर जाकर लोगों के सेहत की जानकारी करेगी, बुखार से पीड़ित व्यक्तियों की समीपवर्ती स्वास्थ्य केंद्र पर जांच कराकर उन्हें बेहतर स्वास्थ्य सेवाएं प्रदान करने में ग्राम स्तरीय स्वास्थ्य कर्मियों द्वारा सहयोग किया जाएगा, अभियान के दौरान लोगों को वेक्टर जनित बीमारियों से बचाव हेतु बरती जाने वाली सावधानियां के प्रति जागरूक किया जाएगा साथ ही आज से जनपद के प्रत्येक प्राथमिक, उच्च प्राथमिक, माध्यमिक, इंटर कॉलेज, महाविद्यालय के छात्र-छात्राओं को वेक्टर जनित बीमारियों के प्रति जागरूक करने के साथ-साथ इन्हीं बच्चों का सहयोग लेकर गांव-गांव संदेश पहुंचाने का कार्य किया जाएगा, पशुपालकों को पशु बाड़ों के आसपास नियमित रूप से सफाई करने, पशु बाड़ों को यथासंभव घर से दूर रखने के लिए प्रेरित किया जाएगा, चूहा-छछूंदर की रोकथाम हेतु कृषि विभाग द्वारा प्रभावी कार्यवाही की जाएगी।
उन्होंने कहा कि नगरीय क्षेत्र में अधिशासी अधिकारी नगर निकाय एवं ग्रामीण क्षेत्र में खंड विकास अधिकारियों, जिला पंचायत राज अधिकारी को नियमित रूप से साफ-सफाई के साथ-साथ झाड़ियों का कटान, जल निकासी के उचित प्रबंध किए जाने के निर्देश दिए गए हैं।
यह भी पढ़ें: प्रयागराज: अतीक के बेटे अली का एक और साथी गिरफ्तार, भेजा जेल
