Kanpur: एंटी करप्शन टीम ने लेखपाल और दलाल को पकड़ा… चार हजार की रिश्वत ले रहे थे, टीम को देखते ही मची खलबली
कानपुर में एंटी करप्शन टीम ने लेखपाल और दलाल को रिश्वत लेते पकड़ा।
कानपुर में एंटी करप्शन टीम ने चार हजार रुपये की रिश्वत लेते रंगहाथों लेखपाल और दलाल को गिरफ्तार कर लिया। जमीन चिन्हांकन के नाम पर लेखपाल ने सात हजार रुपये की रिश्वत मांगी थी।
कानपुर, अमृत विचार। जमीन का चिन्हांकन कराने के नाम पर घूस लेना लेखपाल को महंगा पड़ गया। घाटमपुर निवासी युवक जमीन का चिन्हांकन कराने के नाम पर कई महीनों से घाटमपुर तहसील के चक्कर काट रहा था। जमीन का चिन्हांकन कराने के नाम पर लेखपाल सात हजार रूपये की घूस मांग रही थीं, जिसकी शिकायत किसान ने एंटी करप्शन से की। मंगलवार को चार हजार रिश्वत लेते हुए टीम ने लेखपाल व उसके साथी को रंगे हाथों गिरफ्तार किया।
घाटमपुर के घना मतीरामपुर के मकरंदपुर मजरा निवासी राजेश साहू के तीन भाईयों का हिस्सेदारी को लेकर विवाद चल रहा है। राजेश ने अपनी पैतृक संपत्ति बंटवारे का केस एसडीएम कोर्ट में डाला हुआ था। लेखपाल की रिपोर्ट के बिना बंटवारा संभव नहीं है। संपत्ति के बंटवारे के वह चिन्हांकन कराने के लिए बीते काफी समय से घाटमपुर तहसील में तैनात लेखपाल अंजलि यादव के पास जा रहे थे।
उन्होंने बताया कि जमीन चिन्हांकन कराने के लिए वह बीते कई महीनों से घाटमपुर तहसील के चक्कर काट रहे थे, लेकिन उनकी कोई सुनवाई नही हो रही थी। 15 दिन पूर्व राजेश साहू दोबारा लेखपाल अंजलि यादव के पास पहुंचे तो उन्होंने जमीन चिन्हांकन के नाम पर सात हजार रूपये की रिश्वत की मांग की। पैसे न देने पर ऐसे ही चक्कर काटने की बात कही।
करीब एक सप्ताह पूर्व राजेश ने मामले की शिकायत एंटी करप्शन टीम से की। एंटी करप्शन टीम ने मंगलवार को राजेश को चार हजार रूपयों में फिलैन्थीन पाउडर लगाकर लेखपाल अंजलि यादव के पास भेजा। राजेश जैसे ही लेखपाल अंजलि को रूपये देने लगा तो लेखपाल ने साथी घाटमपुर के बारा दौरलपुर सीमा फोटो कॉपी शाप संचालक शिवराज सिंह को पैसे देने की बात कही।
किसान ने शिवराज को चार हजार रूपये सौप दिए। शिवराज ने जैसे ही पैसे अंजलि को दिए तो मौके पर मौजूद एंटी करप्शन टीम ने अंजलि और शिवराज को गिरफ्तार कर लिया। टीम दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर हनुमंत विहार थाने ले आई। जहां टीम ने करीब तीन घंटे तक दोनों आरोपियों से पूछताछ की। पूछताछ के बाद हनुमंत विहार थाने में आरोपियों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराई गई।
पहले भी रंगेहाथ दबोचे जा चुके है घूसखोर
- बीती 14 जुलाई को नौबस्ता थानाक्षेत्र में बिजली का बिल सही कराने के नाम पर एंटी करप्शन टीम ने जेई अंकित मिश्रा व संविदा कर्मी राशिद को गिरफ्तार किया था।
- मार्च 2023 को वन विभाग के क्लर्क राम सिंह को 50 हजार रुपये घूस लेते हुए गिरफ्तार किया गया था।
- जून 2022 को डीसीपी पूर्वी के कार्यालय में तैनात महिला दरोगा भुवनेश्वरी सिंह को क्राइम ब्रांच ने दो कारोबारियों को छोड़ने के नाम पर एक लाख रिश्वत लेते गिरफ्तार किया था।
- फरवरी 2023 में आवास विकास परिषद में तैनात वरिष्ठ सहायक मो. इसरार ने फाइल पास करने के लिए एक व्यक्ति से 50 हजार रिश्वत मांगी थी। एंटी करप्शन ने 10 हजार घूस लेते हुए गिरफ्तार किया था।
