इलाज के बहाने ग्रामीण की जमीन का करवा लिया बैनामा, दवा की जगह पीने के लिए दे दी दो शीशी कीटनाशक
बहराइच। शहर से सटे शेखदहीर गांव निवासी एक ग्रामीण को तीन माह पूर्व कुछ दबंग इलाज और किसान सम्मान निधि दिलाने के नाम पर कचहरी लेकर गए। वहां पर जमीन का बैनामा करवा लिया। इसके बाद बीमार ग्रामीण को दवा के नाम पर कीटनाशक दे दिया।
हालांकि अन्य ग्रामीणों की सूचना पर बीमार व्यक्ति ने दवा नहीं खाई। डीएम ने मामले को गंभीरता से लेते हुए पुलिस को मुकदमा दर्ज करने के निर्देश दिए हैं। कोतवाली देहात के शेखदहीर गांव निवासी ननकू पुत्र दुलारे बीमार चल रहे हैं। उन्हें फालिज मार गया है। इसका फायदा दबंगों ने उठा लिया।
शुक्रवार को डीएम को शिकायती पत्र देकर ननकू ने कहा कि आदिलपुर गांव निवासी अलका शर्मा भट्ट पुरवा निवासी राम अवतार पुत्र श्यामलाल गोगा पुत्र कन्हाई ननके पुत्र सरजू और एक अन्य व्यक्ति ने 22 जुलाई को किसान सम्मन निधि दिलाने के बहाने सभी कचहरी ले गए वहां पर कूट रखे दस्तावेज लगाकर कार्यालय सब रजिस्ट्रार से मिलकर उसके खेत का बैनामा करवा लिया।
इसके बाद बीमार व्यक्ति के खाते में रूपये भेजा। जब उसने शिकायत की बात कही तो दो दिन पूर्व दो शीशी कीटनाशक देकर उसे दवा बताकर पीने की सलाह दी। दूसरे ग्रामीण के सहयोग से उसकी जान बच सकी। ग्रामीण का कहना है कि दबंगों ने पुनः फर्जी झांसे में देकर उसके खाते से अंगूठा लगवाकर पैसे निकलवा लिए।
उसका कहना है सब रजिस्ट्रार, पुलिस पूरी तरह से मिली हुई है। ग्रामीण के साथ गांव की सैकड़ों महिलाएं भी डीएम कार्यालय पहुंची। डीएम मोनिका रानी ने मामले को गंभीरता से लेते हुए कोतवाली देहात के प्रभारी निरीक्षक को केस दर्ज कर रिपोर्ट तलब की है।
यह भी पढ़ें: योगी सरकार का नया कीर्तिमान, एक दिन में बनाए 6.63 लाख आयुष्मान कार्ड
