रायबरेली नगर पालिका अध्यक्ष ने प्रधानमंत्री और मुख्यमंत्री के खिलाफ की अभद्र टिप्पणी, केस दर्ज
रायबरेली। कांग्रेस नेता राहुल गांधी को भाजपा द्वारा रावण बताने पर नगर पालिका अध्यक्ष रायबरेली शत्रोहन सोनकर ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के खिलाफ टिप्पणी कर सियासी हलकों में गर्मी ला दी है।
नगर पालिका अध्यक्ष ने कहा कि राहुल गांधी की लोकप्रियता से भाजपा के लोग घबरा रहे हैं। इस कारण वह राहुल गांधी के खिलाफ टिप्पणी कर रहे हैं।
जबकि एक तरफ ऐसे प्रधानमंत्री हैं जिनकी कोई औलाद नहीं है तो वहीं मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ हैं जिनको मैं योगी नहीं ढोंगी कहता हूं। पालिका अध्यक्ष की इस टिप्पणी को लेकर भाजपा नेता ने सदर कोतवाली में मुकदमा दर्ज कराया है।
नगर पालिका अध्यक्ष शत्रोहन सोनकर ने राहुल गांधी को रावण बताए जाने पर नाराजगी जाहिर कर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के खिलाफ टिप्पणी कर भाजपाई खेमे में आक्रोश भर दिया है।
मामले को लेकर भाजपा नेता खासे आक्रोश में नजर आ रहे हैं। विवादित बयान को लेकर भाजपा नेता शशिकांत शुक्ला निवासी इंदिरा नगर ने सदर कोतवाली में नगर पालिका अध्यक्ष शत्रोहन सोनकर के खिलाफ तहरीर देकर मुकदमा दर्ज कराया है। कोतवाली पुलिस ने नगर पालिका अध्यक्ष के खिलाफ धारा 505 (2) के तहत मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
वहीं नगर पालिका अध्यक्ष शत्रोहन सोनकर का कहना है कि भाजपा के लोगों की हिम्मत कैसे पड़ गई कि वह राहुल गांधी को रावण बता रहे हैं। राहुल गांधी की आंधी चलने से यह लोग बौखला गए हैं। इस कारण इस तरह की बात बोल रहे हैं।
यह भी पढ़ें: दिल्ली आबकारी मामला: संजय सिंह की बढ़ी मुश्किलें, अदालत ने ईडी हिरासत 13 अक्टूबर तक बढ़ाई
