UP: सड़क हादसे में घायल हुआ युवक… सारी रात तड़पता रहा, इलाज न मिलने पर हैलट में छोड़कर भागे, दर्दनाक है ये कहानी

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

कानपुर में इलाज न मिलने पर युवक को हैलट अस्पताल में छोड़कर भागे।

कानपुर में इलाज न मिलने पर हैलट अस्पताल में छोड़कर भाग निकले। महाराजपुर थाने के सामने सड़क हादसे में घायल हुआ था। वहीं, इलाज न मिलने पर युवक तड़पता रहा।

कानपुर, अमृत विचार। सड़क हादसे में घायल एक युवक पूरी रात हैलट में दर्द से तड़पता रहा, जब इलाज नहीं मिला तो परिजनों को उसे बुधवार दोपहर निजी अस्पताल ले जाना पड़ा। महाराजपुर निवासी रहीश का बेटा मुन्ना (29) मंगलवार रात बाइक से घर लौट रहा था। तभी महाराजपुर थाने के सामने अज्ञात वाहन की टक्कर से वह गंभीर रूप से घायल हो गया। परिजन व पुलिस ने युवक को रात करीब दो बजे हैलट इमरजेंसी में भर्ती कराया, जहां पर्चा व फाइल बनने के बाद उसका इलाज शुरू हुआ। कुछ देर डॉक्टरों ने इमरजेंसी से उसे वार्ड नंबर आठ में शिफ्ट कर दिया।

आरोप है कि वार्ड में वह पूरी रात दर्द से तड़पता रहा, लेकिन मौजूद स्टाफ ने डॉक्टर को नहीं बुलाया। बुधवार सुबह राउंड पर आए डॉक्टर ने मरीज को देखा और एक्सरे कराकर लाने बोला। परिजन मरीज को एक्सरे कराने ले गए, उसके बाद जांच कराई। मरीज जब वार्ड में पहुंचा तो डॉक्टर मौजूद नहीं मिले और वह दर्द से तड़प रहा था। परिजन ने स्टाफ से शिकायत की तो उसने मरीज को इमरजेंसी ले जाने की सलाह दे दी।

परिजन इमरजेंसी गए तो वहां मौजूद जेआर ने मरीज की फाइल चेक की और संबंधित डॉक्टर को ही दिखाने को बोला। इमरजेंसी के पास युवक स्ट्रेचर पर लेटा हुआ, दर्द से तड़पते हुए डॉक्टर का इंतजार करता रहा। उसकी मां रहीशा बेटे को संभालते हुए खुद रो पड़ रही थी। जब कॉल करने बाद भी डॉक्टर नहीं आए तो परिजन युवक को निजी अस्पताल ले गए। प्रमुख अधीक्षक डॉ.आरके सिंह ने बताया कि मामले की जानकारी नहीं है, न ही कोई शिकायती पत्र मिला है। फिर भी मामले के संबंध में जानकारी की जाएगी।

संबंधित समाचार