Auraiya News: चालक की गोली मारकर की हत्या… आरोपी की पुलिस से हुई मुठभेड़, गिरफ्तार, पढ़ें- पूरा मामला
औरैया में ट्रक चालक की हत्या करने वाले आरोपी की पुलिस से हुई मुठभेड़।
औरैया में ट्रक चालक की गोली मारकर हत्या करने के बाद शव को फेंक दिया था। पुलिस ने मुठभेड़ के दौरान आरोपी को गिरफ्तार कर लिया।
औरैया, अमृत विचार। अजीतमल कोतवाली क्षेत्र के अनन्तराम ओवरब्रिज के पास ट्रक चेसिस के चालक की गोली मारकर हत्या कर दी गई। आरोपी ने उसके शव को इटावा में बकेवर थाना क्षेत्र के उझियानी के पास फेंक दिया। शनिवार की सुबह तीन बजे पुलिस ने हत्यारोपी की निशानदेही पर चेसिस चालक का शव बरामद कर लिया। पुलिस ने मुठभेड़ के दौरान आरोपी को गिरफ्तार किया है।
एसपी चारू निगम ने बताया कि 18 की रात जमशेदपुर से चला चेचिस अजीतमल कोतवाली क्षेत्र में मिला था, चालक लापता था। जिसमे एसओजी टीम चालक की तलाश में जुटी थी। सर्विलांस टीम की मदद से दो आरोपियों को चिन्हित किया गया था। मुखबिर की सूचना पर चेचिस से निकाले गए नौ टायर समेत अन्य सामान लेकर कानपुर देहात की तरफ जाने की सूचना मिली।
भगोतीपुर के पास चेकिंग लगाकर लोडर में लदे टायर समेत दो आरोपियों को गिरफ्तार किया गया। पकड़े गए आरोपियों में मुख्य आरोपी थाना राजपुर कानपुर देहात निवासी सादिक उर्फ सोहेब खान पुत्र मुहीम खान व उसका साथी शीबू खान को गिरफ्तार किया। एसपी ने बताया कि पूछताछ में आरोपी सादिक खान ने बताया कि उसे पैसों की जरूरत थी।
जिस पर उसने योजना बनाई। कानपुर देहात के सिकंदरा स्थित सूर्या होटल के पास से आरोपी एक सवारी बनकर चेचिस की केबिन में पीछे बैठ गया। अजीतमल कोतवाली क्षेत्र ने टोल के आगे सुनसान स्थान देख ट्रक में पीछे बैठे आरोपी ने चालक को गोली मार दी। जिससे वह ट्रक में गिर गया। इसके बाद आरोपी ने इटावा जिले के बकेवर थाना क्षेत्र के महेवा में झाड़ियों में मेटी में शव को लपेटकर फेक दिया।
बताया कि आरोपी को लेकर शव बरामद करने को पुलिस टीम घटना स्थल पर पहुंची। जहां चालक का शव महेवा ओवरब्रिज के पास सर्विस रोड पर झाड़ियों से बरामद किया। शव को इटावा पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। एसपी ने बताया कि वापस लौटने के दौरान बीच रास्ते में आरोपी ने शौचक्रिया का बहाना किया।
अजीतमल कोतवाली के दरोगा संतोष कुमार ने उसे शौचक्रिया के लिए अजीतमल क्षेत्र में फूटा कुआ के पास गाड़ी रोक कर ले गए। एसपी ने बताया कि जहां आरोपी ने दरोगा की रिवाल्वर छीन ली और फायर कर दिया। गोली पुलिस की गाड़ी के शीशे में लगी। इसके बाद वह भागने लगा। भागते समय आरोपी ने दो और फायर किए। चेतावनी के बाद न रुकने पर पुलिस ने जवाबी गोली चलाई। जिससे एक गोली आरोपी के पैर में लगी।
जिससे वह गिर गया। पुलिस ने घायल आरोपी को सी एच सी अजीतमल पहुंचाया। जहां से उसे सैफई रेफर कर दिया गया। एसपी ने बताया कि आरोपी ने बताया कि चालक अरशद की हत्या करने के बाद उसने टायर बदलने वाले कानपुर देहात के राजपुर निवासी एक व्यक्ति को अजीतमल क्षेत्र में खड़े चेचिस के पास ले जाकर 11 टायर खुलवा लिए। जिसमें दो टायर वहीं पर किसी को बेच दिए। जबकि नौ टायर लोडर में ले जाते हुए पकड़े गए।
