Kanpur Farmer Suicide Case: नवरात्र में हताश देवियां… नंगे पांव रहने का लिया संकल्प, किसान की बेटियों ने ये कहा

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

कानपुर में किसान की मौत से नाराज परिजन पुलिस कमिश्नर से फिर मिले।

कानपुर में किसान की मौत से नाराज परिजन पुलिस कमिश्नर से फिर मिले। बेटियों ने कहा कि भाजपा नेता डॉ. प्रियरंजन दिवाकर की गिरफ्तारी नहीं होने तक नंगे पांव रहेंगी।

कानपुर, अमृत विचार। सुसाइड नोट लिखकर जान देने वाले चकेरी के किसान बाबू सिंह यादव के मामले में एक माह बाद भी पूर्व भाजपा नेता समेत चार आरोपियों की गिरफ्तारी नहीं हो सकी है। जिसके लिए एक बार फिर किसान के परिजन न्याय संघर्ष समिति के संयोजक के साथ पुलिस कमिश्नर से मिले और कहा कि हताश बेटियां न्याय मांग रही हैं। नवरात्र में बेटियों ने गिरफ्तारी न होने तक नंगे पांव रहने का संकल्प लिया है।  

किसान की पत्नी बिटान, बेटी रूबी और काजल ने पुलिस कमिश्नर डॉ आर के स्वर्णकार से कहा कि आरोपियों के रसूख के कारण पुलिस द्वारा संतोषजनक कार्रवाई नहीं की जा रही है। नंगे पांव पहुंची बेटी रूबी ने कहा कि जब तक पूर्व भाजपा नेता डॉ प्रियरंजन अंशु दिवाकर, मैनपुरी का भाजपा नेता शिवम सिंह चौहान, जितेंद्र और बब्लू यादव गिरफ्तार कर जेल नहीं भेजे जाते तब तक नंगे पांव रहने का संकल्प लिया है।

प्रियरंजन और उसके गैंग पर गैंगस्टर की कार्रवाई की जाए। फरार प्रियरंजन के घर की कुर्की नहीं हुई और न ही उसके घर बुलडोजर चला जबकि कानूनी विशेषज्ञ कह रहे हैं कि कुर्की की कार्रवाई हो सकती है। बेटियों ने कहा कि फरार भाजपा नेता शिवम सिंह चौहान और बबलू के घर की कुर्की क्यों नहीं हो रही। कहा कि पुलिस पर आखिर किसका दबाव है।

न्याय संघर्ष समिति के संयोजक अभिमन्यु गुप्ता ने कहा कि मंगलवार को सपा प्रमुख अखिलेश यादव पीड़ित किसान परिवार और व्यापारी अमोलदीप से उनके घरों में मिलेंगे।  पुलिस कमिश्नर डॉ आर के स्वर्णकार ने कहा कि फरार आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए कार्रवाई चल रही है। परिजनों के अनुसार कमिश्नर ने आश्वासन दिया की 24 से 48 घंटे में 82 और 83 की कार्रवाई की जाएगी।

 

संबंधित समाचार