Kanpur Zoo: मादा गैंडा मानू् ने तीसरे बच्चे को दिया जन्म… आठ साल बाद हुई थी गर्भवती, पैदा होते ही मां की गोद में खेलने लगा
कानपुर के चिड़ियाघर में मादा गैंडा ‘मानू्’ ने तीसरे बच्चे को जन्म दिया।
कानपुर के चिड़ियाघर में मादा गैंडा ‘मानू्’ ने तीसरे बच्चे को जन्म दिया। आठ साल बाद गर्भवती हुई थी। मानू का जन्म भी कानपुर चिड़ियाघर में हुआ था।
कानपुर, अमृत विचार। चिड़ियाघर में मादा गैंडा ‘मानू’ ने आठ साल बाद इस तीसरे बच्चे को जन्म दिया है। खास बात यह है कि ‘मानू’ का जन्म भी यहीं हुआ था। सोमवार को जन्म के तुरंत बाद बच्चा अपनी मां मानू की गोद में खेलने लगा। नवजात की इस हरकत से चिड़ियाघर के डॉक्टर खुश हो गए। चिड़ियाघर के निदेशक केके सिंह ने बताया कि 27 जुलाई 1997 को पटना चिड़ियाघर से मादा गैंडा छुटकी को कानपुर लाया गया था।
छुटकी ने 22 जून 2002 को मानू को जन्म दिया था। गैंडे की औसत आयु 50 वर्ष मानी जाती है। मानू अब 21 वर्ष की हो चुकी है। मानू ने वर्ष 2013 में नर गैंडा पवन और 2015 में कृष्ण को जन्म दिया था। यह तीनों गैंडे चिड़ियाघर में अलग-अलग बाड़ों में हैं।
उन्होंने बताया कि चिड़ियाघर के इतिहास में अब तक 10 गैंडे जन्म ले चुके हैं। इनमें से कुछ को जूनागढ़, लखनऊ और जापान के चिड़ियाघर भेजा गया है। चिड़ियाघर में रह रहे गैंडे केला, गाजर और चना खाना पसंद करते हैं।
