गोंडा : घर के बाहर खेल रही दो साल की मासूम रहस्यमय हालत में लापता, जांच में जुटी पुलिस
बभनजोत/ गोंडा, अमृत विचार। खोंडारे थाना क्षेत्र के एक गांव के रहने वाली 2 वर्षीय मासूम सोमवार को घर के बाहर खेलते समय रहस्यमय हालत में लापता हो गयी। काफी तलाश करने के बाद भी बच्ची का सुराग नहीं लग सका। परिजनों की शिकायत पर खोंडारे पुलिस ने अज्ञात के खिलाफ अपहरण का केस दर्ज किया है।
खोंडारे थाना क्षेत्र के एक गांव के रहने वाले पीडित के मुताबित उसकी 22 महीने की बेटी सोमवार की सुबह घर के बाहर खेल रही थी। खेलते समय वह अचानक गायब हो गयी। कुछ देर बाद जब परिवार के लोगों ने बच्ची को नहीं देखा तो उसकी तलाश शुरू की। लेकिन आसपास कहीं भी बच्ची का पता नहीं चला। मासूम बेटी के लापता होने से परिजनों में कोहराम मच गया। काफी तलाश के बाद मासूम के रहस्मय तरीके से होने गायब होने की सूचना पुलिस को दी गयी तो पुलिस भी सक्रिय हो उठी। पुलिस ने भी इधर उधर बच्ची को तलाश किया लेकिन उसका कहीं पता नहीं चल सका। इस मामले में गायब बच्ची के पिता ने अज्ञात के खिलाफ खोंडारे थाने में तहरीर दी है। थानाध्यक्ष अरविंद कुमार ने बताया कि संजय की तहरीर पर अज्ञात के खिलाफ अपहरण का मुकदमा दर्ज किया है और लापता बच्ची की तलाश के लिए पुलिस टीमें लगायी गयी हैं।
सीओ व फॉरेंसिक टीम ने की घटना की पड़ताल
22 महीने के मासूम बच्ची के अचानक लापता होने की सूचना मिलने पर मंगलवार को मनकापुर सीओ नवीना शुक्ला व फारेंसिक टीम घटनास्थल पर पहुंची और मामले की छानबीन की। फाॉरेंसिक टीम ने पीड़िता के घर और आसपास पड़ताल करते हुए साक्ष्य तलाशने की कोशिश की। वहीं सीओ ने भी पीडित परिजनों व अन्य लोगों से पूछताछ की।
ये भी पढ़ें -बलिया में पत्नी से विवाद के बाद युवक ने किया सुसाइड
