'इंडिया' और 'एनडीए' को रोकेगी बसपा, यूपी में 80 सीटों पर लड़ेगी चुनाव: विश्वनाथ पाल
उन्नाव। बहुजन समाज पार्टी सभी वर्गों को साथ लेकर चलती है। अन्य पार्टियां गठबंधन कर चुनाव लड़ रही हैं, लेकिन बसपा का सिर्फ जनता से गठबंधन है। हमारी पार्टी लोकसभा चुनाव में 80 सीटों पर चुनाव लड़ेगी और गठबंधन वाली पार्टियों को चुनौती देगी।
यह बात बुधवार को सीताराम कॉलोनी स्थित बौद्ध विहार पार्क में आयोजित कार्यकर्ता सम्मेलन को संबोधित करते हुये बसपा प्रदेश अध्यक्ष विश्वनाथ पाल ने कही। उन्होंने कहा कि वर्तमान समय में बसपा ही एक ऐसी पार्टी है, जो जनता का दर्द समझती है, इसके साथ ही जनता के हित में भी कार्य करती चली आ रही है। पार्टी में सभी की भागीदारी है। इसके साथ ही सभी को बराबर का सम्मान दिया जाता है।
उन्होंने कहा कि बसपा सुप्रीमो बहन मायावती के निर्देश पर हर विधान सभा में प्रतिदिन गांव चलो अभियान चलाया जा रहा है। सभी 403 विधान सभाओं में यह क्रम चलेगा। वहीं इससे पहले कार्यक्रम में पहुंचने के दौरान मरहला चौराहे पर बांगरमऊ पूर्व बसपा प्रत्याशी रामकिशोर पाल, संतोष कपूर, श्याम बिहारी, गंगाराम ने उनका फूल मालाओं से स्वागत किया। जिसके बाद कार्यकर्ता सम्मेलन के दौरान रामनाथ रावत, बी पी आनंद, उर्मिला गौतम, एस के गौतम, संतराम, अवधेश गौतम के अलावा अन्य बसपा कार्यकर्ताओं ने स्वागत किया।
यह भी पढ़ें: गोंडा: लोन न मिलने से निराश युवक ने बैंक के सामने डीजल डालकर खुद को लगाई आग, हालत गंभीर
