जालौन: कमाल देखिए, पुलिस गिरफ्त में आया आरोपित, फिर हो गया अज्ञात
जालौन। उरई पुलिस का कमाल देखिए साहब, जिस व्यक्ति का रिवाल्वर दिखाते हुए महिला को दौड़ाने का वीडियो वायरल हुआ और सूचना पर पहुंची पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर लिया, लेकिन जब उसने अपने नेता से बात करा दी तो पुलिस बैकफुट पर आ गई। जिसे धकियाते हुए ले जा रही थी उसे फौरन छोड़ दिया और अज्ञात के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया। इस घटना के बाद से नगर में इस बात की चर्चा जोर पकड़ रही है कि क्या पुलिस नेताओं के इशारे पर काम कर रही है।
जानकारी के अनुसार शहर के एक मुहल्ले में दो पक्षों के बीच वादविवाद हुआ और बात इतनी बढ़ी कि सफेद कपड़ों में लखदख एक व्यक्ति ने रिवाल्वर निकाल ली और महिला की तरफ तान दी, जब महिला भागने लगी तो वह रिवाल्वर ताने हुए उसे दौड़ाने लगा। इस दौरान गालियों का शोर भी था। इस घटना क्रम का किसी ने वीडियो बना लिया और उसे वायरल कर दिया। इस मामले में पहुंची पुलिस ने उक्त रिवाल्वर दिखाने वाले व्यक्ति को पकड़ लिया।
पुलिस जब उसे पकड़कर कोतवाली ले जाने के लिए आगे बढ़ी थी इसी दौरान पुलिस पकड़ के दौरान ही उसने अपने नेता को फोन लगा दिया और साहब से बात करा दी। फोन पर आवाज सुनते ही साहब के हावभाव बदल गए। इसका भी किसी ने वीडियो बना लिया, वीडियो में साहब मोबाइल पर बात कर रहे नेता से जी सर कहते हुए नजर आ रहे है। सबसे खास बात तो यह है कि इसके बाद उक्त व्यक्ति को पुलिस ने छोड़ दिया और जिस मामले में नामदर्ज मुकदमा दर्ज होना था उसे अज्ञात मानकर मुकदमा दर्ज कर अपनी कागजी कार्रवाई पूरी कर ली। दोनों ही वायरल वीडियो चर्चा का विषय बने हुए है।
यह भी पढ़ें: लखनऊ: राजधानी में बढ़ रहे डेंगू के मामले, मिले 39 नए मरीज, हड़कंप, नोटिस जारी
