शाहजहांपुर: 13.83 करोड़ की लागत से बनकर तैयार हो गया ऑडिटोरियम

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

वित्त मंत्री के हाथों कल हो सकता है लोकार्पण, प्रोटोकॉल का इंतजार

शाहजहांपुर, अमृत विचार। महानगर में अंटा चौराहे के पास कार्यदायी संस्था सीएनडीएस के माध्यम से 13.83 करोड़ की लागत से ऑडिटोरियम बनकर तैयार हो गया है। जिला प्रशासन और सीएनडीएस के अधिकारियों ने रविवार को सुबह नौ बजे वित्त मंत्री सुरेश कुमार खन्ना के हाथों लोकार्पण की तैयारियां शुरू कर दी हैं। मंत्री ने भी सहमति दे दी है। बस, प्रोटोकॉल आना बाकी है। तैयारियों को देखने के लिए शुक्रवार को नगर आयुक्त ने ऑडिटोरियम का निरीक्षण कर जरूरी दिशा निर्देश दिए।

नगर आयुक्त संतोष कुमार शर्मा ने बताया कि महानगर में 500 सीटों के वातानुकूलित ऑडिटोरियम की स्वीकृति वर्ष 2019 में मिली थी। इस जमीन पर जल निगम का स्टोर बना था, जिसकी शिफ्टिंग में एक साल लग गया और इसका निर्माण कार्य जून 2020 में शुरू हो सका था। इसके निर्माण पर 13 करोड़ 83 लाख रुपये का खर्च आया।

इस ऑडिटोरियम में 500 लोगों के बैठने की क्षमता है। साथ ही इसमें दो कांफ्रेंस हाल, एक्जीविशन एरिया, कलाकारों के लिए ग्रीन रूम, एलईडी स्क्रीन, म्यूजिक सिस्टम से सुसज्जित वातानुकूलित ऑडिटोरियम शहर को एक अलग पहचान देगा। इसके बेसमेंट में कार पार्किंग बनेगी, जिसमें 30 वाहन अंदर और 30 वाहन बाहर खड़े हो सकते हैं।

बेसमेंट का एक चौथाई कार्य होना बाकी रह गया है। इसके भूतल पर एक बैंक्वेट हाल और दो कांफ्रेंस हाल का निर्माण कराया जा रहा है। इसमें पुरुष और महिलाओं के लिए 16 शौचालय बनवाए गए हैं। दो पेन्ट्री का भी निर्माण कराया गया है। प्रथम तल पर बालकनी का निर्माण किया गया है।

धूमधाम से होगा लोकार्पण समारोह
ऑडिटोरियम का लोकार्पण समारोह रविवार की सुबह नौ बजे से कराने की तैयारियां लगभग पूरी हो गई हैं। वित्त मंत्री सुरेश कुमार खन्ना ने भी सहमति दे दी है। उनका कार्यक्रम आने का इंतजार है। पश्चात जिले के सभी जनप्रतिनिधियों, प्रबुद्धजनों व गणमान्य नागरिकों को भी आमंत्रित किया जाएगा।

सांस्कृतिक गतिविधियां बढ़ेंगी
शहर में अभी तक डीएम की अध्यक्षता वाली समिति के नियंत्रण में गांधी भवन सभागार ही था, जिसमें एकांकी, नाटक, गीत, संगीत आदि की गतिविधियां निरंतर होती रहती हैं। कई बार एक ही तारीख पर दो आयोजनों के निर्धारित होने पर एक और ऑडिटोरियम की जरूरत महसूस होती थी। वित्त मंत्री के प्रयास से अंटा चौराहे के पास आधुनिक संसाधनों से सुसज्जित वातानुकूलित ऑडिटोरियम बनकर तैयार हो गया है। इस तरह अब शहर में दो ऑडिटोरियम होने से सांस्कृतिक गतिविधियां बढ़ेंगी।

यह भी पढ़ें- वित्त मंत्री के हाथों कल हो सकता है लोकार्पण, प्रोटोकॉल का इंतजार

संबंधित समाचार