सुल्तानपुर : संदिग्ध परिस्थितियों में दो की मौत, चार बेहोश
सुल्तानपुर, अमृत विचार। रविवार की सुबह गांव में उस समय सनसनी फैल गई जब वृद्ध की मौत के करीब दो घंटे बाद उसके चचेरे भाई की भी मौत हो गई। इतना ही नहीं एक प्रौढ़ सहित चार बच्चे भी बेहोश हो गए। ग्रामीणों ने बेहोश हुए लोगों को अस्पताल भेज स्थानीय पुलिस को सूचित किया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने मृतकों का पंचनामा भर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। फिलहाल गांव में दहशत का माहौल है।
जिले के जयसिंहपुर कोतवाली क्षेत्र के महमूदपुर (शिवदास का पुरवा) निवासी सालिकराम (62) पुत्र ठनगनी शनिवार की शाम गांव के बगल मेला देख कर शाम करीब साढ़े आठ बजे घर लौट अपने चचेरे भाई रमेश के घर सो गए। रविवार की सुबह परिजन जब उन्हें जगाने गए तो बेहोश मिले। आनन फानन में परिजन उन्हें निजी चिकित्सक के पास ले गए तो उन्हें मृत घोषित कर दिया गया। परिजन सालिकराम को लेकर घर आ गए। मौत की जानकारी मिलते ही उनके चचेरे भाई रमेश (48) उन्हें देखने गए। जहां चक्कर आने पर वह बेहोश हो गए। तो ग्रामीण उन्हे निजी चिकित्सक के पास ले गए। चिकित्सक ने उन्हें भी मृत घोषित कर दिया। दोनों की मौत की जानकारी पूरे गांव में आग की तरह फैल गई। एकत्रित हुए ग्रामीणों में से पतिराम (40) पुत्र अगनू, विशाल (18), गुड़िया (15), संगीता (15) भी बेहोश हो गई। ग्रामीणों ने बेहोश हुए लोगों को एंबुलेस से अस्पताल भेजा। जहां उनका इलाज चल रहा है।

सूचना पर कोतवाल प्रेमचन्द सिंह हमराही सिपाहियों के साथ गांव पहुंचकर लोगों को समझाते हुए ग्रामीणों में फैली दहशत को शांत कराया। मामले से उच्च अधिकारियों से अवगत कराया। सूचना पर पहुंचे एसडीएम जयसिंहपुर अरविंद कुमार, सीओ प्रशांत सिंह की मौजूदगी में मृतकों का पंचनामा भर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया। फिलहाल दो मौत से पूरे गांव में सनसनी फैली हुई है। लोग तरह तरह के कयास लगा रहे हैं। सीओ प्रशांत सिंह ने बताया कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट से ही मौत के कारण का पता चल पाएगा। रिपोर्ट के आधार पर स्थिति स्पष्ट होगी।
ये भी पढ़ें -रायबरेली : बोलेरो-लाेडर की भिड़ंत में दो बुर्जुगों की मौत, पांच घायल
