अयोध्या: दूसरे की जगह परीक्षा दे रहा मुन्ना भाई पकड़ा गया, आयोग की सूचना हुई कार्रवाई
अयोध्या, अमृत विचार। उत्तर प्रदेश अधीनस्थ चयन सेवा आयोग की सूचना पर शहर स्थित एक परीक्षा केंद्र से प्रारंभिक पात्रता परीक्षा में रविवार को एक मुन्ना भाई पकड़ा गया है। बिहार निवासी यह युवक 30 हजार रुपये लेकर प्रदेश के आजमगढ़ निवासी अभ्यर्थी की जगह परीक्षा दे रहा था। केंद्र व्यवस्थापक ने उसके बैग से नकदी, मोबाइल, ब्लू ट्रुथ और क्रेडिट कार्ड बरामद कर तहरीर के साथ कैंट पुलिस के हवाले किया है।
परीक्षा केंद्र टाइनी टाट्स सीनियर सेकेंडरी स्कूल के केंद्र व्यवस्थापक आशुतोष रस्तोगी ने बताया कि प्रारंभिक पात्रता परीक्षा के दूसरे दिन रविवार को पहली पाली में उत्तर प्रदेश अधीनस्थ चयन सेवा आयोग की ओर से परीक्षा देने आये अभ्यर्थी बिजेंद्र यादव निवासी नइपुरा नसरिद्दीन टीकापुर जिला आजमगढ़ अनुक्रमांक 00200400 की विशेष निगरानी का निर्देश मिला।
प्रारंभिक जांच में अभ्यर्थी के प्रवेश पत्र,आधार एवं फोटो में भिन्नता दिखी। इसके बाद आयोग की ओर से उसकी बायोमीट्रिक जाँच कराई गई तो फर्जीवाड़े का खुलासा हुआ। पूछताछ और छानबीन में पता चला कि औरा मेघौना खगड़िया बिहार निवासी जसवीर कुमार अभ्यर्थी बिजेंद्र यादव के स्थान पर परीक्षा दे रहा था।जांच में जसवीर के बैग से 11700 रुपये, एक मोबाइल फोन, चार्जर, बैंक ऑफ बड़ौदा का क्रेडिट कार्ड और ब्लू ट्रूथ डिवाइस मिली है।
सीओ सिटी शैलेन्द्र सिंह ने बताया कि केंद्र व्यवस्थापक की तहरीर पर कैंट पुलिस ने धोखधड़ी और कूटरचना की धारा में अभ्यर्थी और उसकी जगह परीक्षा देने वाले जसवीर कुमार के खिलाफ नामजद रिपोर्ट दर्ज की गई है। जसवीर को गिरफ्तार किया है, जबकि मूल अभ्यर्थी बिजेंद्र की तलाश के लिए पुलिस टीम लगाई गई है। उन्होंने बताया कि जसवीर ने परीक्षा में बैठने के लिए 30 हजार रुपये में सौदा किया था।
ये भी पढ़ें -महाकुंभ 2025: मौनी अमावस्या पर संगम में छह करोड़ श्रद्धालु लगाएंगे आस्था की डुबकी
