गोंडा: शराब के ठेके के पीछे नहर में मिला युवक का शव, परिजनों ने जताई हत्या की आशंका

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

बभनजोत, गोंडा। छपिया थाना क्षेत्र के हथियागढ़ चौकी अंतर्गत चिरैया मोड़ पर देशी शराब की दुकान के पीछे नहर में गुरुवार की देर शाम एक युवक का शव संदिग्ध हालत में पड़ा मिला। युवक की पहचान  गयासुद्दीन (22) निवासी ग्राम भयापुरवा के रूप में हुई है। पुलिस ने 100 का पंचनामा भरकर उसे पोस्टमार्टम के लिए भेजा है। घटना की सूचना मिलने पर डॉग स्क्वायड व फोरेंसिक टीम ने भी घटनास्थल का निरीक्षण किया। 

छपिया थाना क्षेत्र के भयापुरवा गांव के रहने वाले रफीउल्लाह ने बताया कि उसका बेटा गयासुद्दीन राजगीर मिस्त्री था। बुधवार की सुबह वह घर से काम पर जाने के लिए निकला था। लेकिन घर वापस नहीं लौटा था परिवार के लोग गयासुद्दीन की तलाश कर रहे थे। बृहस्पतिवार की शाम को हथियागढ़ चौकी अंतर्गत चिरैया मोड़ पर देशी शराब की दुकान के पीछे नहर में युवक का शव पड़ा देखा तो लोगों ने इसकी सूचना पुलिस को दी।

पुलिस मृतक की सिनाख्त में जुटी थी कि रफीउल्लाह भी मौके पर पहुंच गए। रफीउल्लाह ने  मृतक की पहचान अपने बेटे गयासुद्दीन के रूप में की। उन्होने बेटे की हत्या कर शव फेंके जाने की आशंका जताई है। पुलिस ने शव का पंचनामा भरकर उसे पोस्टमार्टम के लिए भेजा है। वहीं पुलिस की फॉरेंसिंक टीम व डॉग स्क्वायड टीम ने थी घटनास्थल पर पहुंचकर पडताल की है। छपिया थाने के प्रभारी निरीक्षक सुरेश कुमार वर्मा ने बताया कि घटना की पड़ताल की जा रही है।

यह भी पढ़ें: उन्नाव में आठ दिन से लापता अधेड़ का कई टुकड़ों में मिला शव, परिजनों ने लगाया हत्या का आरोप

संबंधित समाचार