रुद्रपुर: राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू कल पंतनगर में देंगी दीक्षांत व्याख्यान

Amrit Vichar Network
Published By Bhupesh Kanaujia
On

रुद्रपुर/ पंतनगर, अमृत विचार। जीबी पंत विश्वविद्यालय में कल आयोजित होने वाले 35वें दीक्षांत समारोह में मुख्य अतिथि के रूप में राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू शिरकत करेंगी। इसके अलावा कार्यक्रम में उत्तराखंड के राज्यपाल ले. जनरल (सेवानिवृत्त) गुरमीत सिंह, रक्षा एवं पर्यटन राज्य मंत्री अजय भट्ट एवं कृषि मंत्री गणेश जोशी भी मौजूद रहेंगे।

यह जानकारी जीबी पंत विश्वविद्यालय के निदेशक संचार डॉ. जेपी जायसवाल ने दी। उन्होंने बताया कि सुबह 11 बजे से दीक्षांत पंडाल में प्रारंभ होने वाले इस दीक्षांत समारोह में 1041 विद्यार्थियों को उपाधि व दीक्षा प्रदान की जाएगी। सर्वोत्तम एक विद्यार्थी को कुलाधिपति के स्वर्ण पदक से सम्मानित किया जायेगा। इसके अलावा कुलपति के 11 स्वर्ण पदक, 11 रजत पदक एवं 10 कांस्य पदक भी विभिन्न विषय के सर्वोत्तम स्नातकों को प्रदान किये जाएंगे।

इसके अलावा विभिन्न क्षेत्रों में उत्कृष्ट कार्य के लिए एक-एक विद्यार्थी को सरस्वती पांडा अवार्ड, नागम्मा शांताबाई अवार्ड, डॉ.राम शिरोमणि तिवारी अवार्ड, चौधरी चरण सिंह मेमोरियल इंटेलेकच्यूअल अवार्ड, पूरण आनंद अदलखा अवार्ड एवं भारत रत्न पंडित गोविंद बल्लभ पंत अवार्ड से विद्यार्थियों को सम्मानित किया जायेगा।

दो विद्यार्थियों को भारत रत्न गोविन्द बल्लभ पंत मेडल से भी सम्मानित किया जायेगा। उन्होंने बताया कि उपाधि व पदक प्रदान करने की प्रक्रिया के बाद राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू व्याख्यान देंगी। उन्होंने बताया कि विश्वविद्यालय में होने वाले दीक्षांत समारोह की सभी तैयारियां पूर्ण कर ली गयी है।

संबंधित समाचार