Diwali 2023: इस दिवाली मेहमानों के लिए घर पर बनाएं केसरिया पेड़ा, यहां जानें रेसिपी
दिवाली का त्योहार नजदीक है ऐसे में लोग इसकी तैयारियों में बिजी हैं। दिवाली खुशियों के साथ-साथ मिठाईयों का भी त्योहार है। पांच दिन चलने वाले दीपोत्सव का महापर्व हर किसी के लिए काफी खास होता है। इन दिनों में सभी के घरों में मेहमानों का आना-जाना भी होता है।
लोग अपने परिवार वालों के लिए तो कभी कुछ भी बना लेते हैं, लेकिन जब बात आती मेहमानों की तो महिलाओं को ये समझ नहीं आता है कि वो क्या ऐसा बनाएं, जिसे खाकर घर आए मेहमान खुश हो जाएं। वो भी जब मौका दिवाली जैसे त्योहार का हो तब मेहमानों को मीठा खिलाना तो बनता ही है।
बाजार में मिलने वाली मिठाईयां का स्वाद त्योहारों के समय ज्यादा खास नहीं होता है। ऐसे में आज हम आपको घर पर ही केसरिया पेड़ा बनाना सिखाने जा रहे हैं, जिसे आप त्योहारों की शुरुआत से पहले बना सकते हैं। तो चलिए जानते हैं इसकी रेसिपी।
केसरिया पेड़ा बनाने की सामग्री
मावा एक किलो
दूध 2 कप
पिस्ता
केसर
इलायची पाउडर
आधा किलो बूरा
विधि
बता दें केसरिया पेड़ा बनाना काफी आसान है। इसे बनाने के लिए आपको ज्यादा सामान की जरूरत नहीं पड़ेगी। इसे बनाने के लिए सबसे पहले एक नॉनस्टिक पैन में धीमी आंच पर मावा को भूनें। जब मावा सही से भुन जाए तो इसे ठंडा करने के लिए अलग रख लें। वहीं ध्यान रखें कि मावा को जल्दी ठंडा करने के लिए फ्रिज में ना रखें। इससे ये टाइट हो जाएगा। जब मावा हल्का गर्म ही हो तो इसमें दूध और केसर मिलाएं और फिर से एक बार पकाएं।
जब पैन का दूध सूख जाए तो इसमें इलायची पाउडर मिलाएं। जब ये गुनगुना ही रहे तभी इसमें बूरा मिलाएं और इसे सही से ठंडा कर लें। इसके बाद इस मिश्रण की मदद से पेड़े तैयार करें। इसे सजाने के लिए आप ऊपर से केसर के धागे डाल सकते हैं। लो जी तैयार है आपका केसरिया पेड़ा।
ये भी पढे़ं- Diwali 2023: गाय के गोबर से बने दीपक से विदेशों में बसे भारतीयों के घर होंगे रोशन
