साहित्य अकादमी के वृत्तचित्र को मणिपुरी राज्य फिल्म पुरस्कार

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

नई दिल्ली। साहित्य अकादमी के वृत्तचित्र खुमन प्रकाश सिंह को वर्ष 2023 के लिए सर्वश्रेष्ठ जीवनी , कला और संस्कृति फिल्म श्रेणी के अंतर्गत 15 वें मणिपुर राज्य फिल्म पुरस्कार से नवाजा गया है।

साहित्य अकादमी ने बुधवार को यहां बताया कि यह वृत्तचित्र लेखक खुमन प्रकाश सिंह पर केंद्रित है। यह वृत्तचित्र साहित्य अकादमी की भारतीय साहित्य अभिलेखागार परियोजना के अंतर्गत निर्मित 164 वां वृत्तचित्र है। इसे अरिबम स्याम सरमा ने निर्देशित किया है। 

साहित्य अकादमी के सचिव के. श्रीनिवासराव ने बताया कि साहित्य अकादमी ने वर्ष 1997 में भारतीय साहित्य अभिलेखागार परियोजना शुरू की थी। इसका उद्देश्य महत्त्वपूर्ण लेखकों और साहित्य से जुड़ी बहुमूल्य सामग्रियों को एकत्र और संरक्षित करना है।

अकादमी ने अब तक अमृता प्रीतम, विंदा करंदीकर, गोपालकृष्ण अडिगा, डी. जयकांतन, धर्मवीर भारती, विजय दान देथा, मुल्क राज आनंद, कुर्रतुलऐन हैदर, वैकम मुहम्मद बशीर, रहमान राही, महाश्वेता देवी, एम.के. बिनोदिनी, अशोक मित्रन, निर्मल वर्मा, मनोहर राय सरदेसाई , रस्किन बॉन्ड, सी. नारायण रेड्डी आदि सहित अनेक प्रख्यात भारतीय लेखकों पर 169 वृत्तचित्रों का निर्माण किया है। 

ये भी पढे़ं- भारतीय भाषाओं के 21 बाल साहित्यकार हुए पुरस्कृत