बिजनौर: लापता छात्रा की बरामदगी को लेकर सीओ कार्यालय पर धरना

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

नगीना, अमृत विचार। गांव मुगलवाला में दो सप्ताह पहले लापता हुई नाबालिग छात्रा की बरामदगी को लेकर ग्रामीणों ने पुलिस क्षेत्राधिकारी कार्यालय के बाहर धरना-प्रदर्शन किया। बहुजन समाज की संस्थाओं के कार्यकर्ताओं ने लापता छात्रा को शीघ्र बरामदगी न होने पर आंदोलन की चेतावनी दी।

गांव मुगलवाला निवासी दिलीप कुमार की 15 वर्षीय पुत्री नजीबाबाद क्षेत्र के एक इंटर कॉलेज में 10वीं की छात्रा है। वह 30 अक्टूबर को घर से स्कूल पढ़ने जाते समय लापता हो गई थी। परिजनों ने कई स्थानों पर उसकी तलाश की।

लेकिन उसका कहीं पता न चला। इसके बाद पीड़ित पिता ने सिकंदरपुर बसी निवासी गौरव, लक्की व मुगलवाला के रहने वाले शशिकांत पर उसे बहला फुसलाकर ले जाने का आरोप लगाया। पिता ने आरोपियों के खिलाफ तहरीर देकर रिपोर्ट दर्ज कराई थी। इसके बाद पुलिस ने नामजद आरोपी गौरव व लक्की को गिरफ्तार कर उनका चालान कर दिया था।

लेकिन पुलिस लापता छात्रा को बरामद नहीं कर सकी और न ही तीसरे आरोपी शशिकांत को गिरफ्तार किया गया। लापता छात्रा के परिजन किसी अनहोनी की आशंका के चलते चिंतित थे। शुक्रवार को बहुजन पैंथर ऑफ इंडिया, भीम आर्मी, आभास महासंघ, प्रबुद्ध बौद्ध सभा के नेतृत्व में गांव मुगलवाला के ग्रामीणों व छात्रा के परिजन पुलिस क्षेत्राधिकारी कार्यालय पहुंचे।

यहां उन्होंने लापता छात्रा की बरामदगी की मांग को लेकर प्रदर्शन किया। उन्होंने मांग सौंपा तो पुलिस क्षेत्राधिकारी संग्राम सिंह ने लापता छात्रा को 24 घंटे में बरामद करने का आश्वासन दिया। इस पर ग्रामीणों का धरना समाप्त हुआ। इस दौरान बहुजन संस्थाओं के नागेंद्र गोतम, विपिन कुमार, तोषक कुमार, दिलीप कुमार, सुमित बौद्ध, विरेंद्र सिंह, बबीता, कविता, सीमा, बबली, उमा, संजू, भगवंती, कुसुम आदि मौजूद रहीं।

ये भी पढ़ें:- बिजनौर: व्यापारी की पत्नी को बंधक बनाकर सामूहिक दुष्कर्म, लूटपाट के बाद सिगरेट से जलाकर किया प्रताड़ित

संबंधित समाचार