World Cup 2023: आज दोपहर बाद सड़कों पर छा जाएगा सन्नाटा, भारत की जीत के लिए हरदोई में बच्चों ने की प्रार्थना
हरदोई, अमृत विचार। रविवार को दोपहर बाद सड़कों पर सन्नाटा छा जाएगा। सन्नाटा छाने की वजह भारत- आस्ट्रेलिया के बीच फाइनल क्रिकेट मुकाबला है। मैच को लेकर जिले में तमाम तैयारियां की गई हैं। जिले के लोग इसको लेकर काफी उत्साहित हैं। जिला प्रशासन शहीद उद्यान में बड़ी एलईडी लगवाकर वर्ल्ड कप फाइनल का सीधा प्रसारण कराएगा।
जिले के कई रेस्टोरेंट संचालकों ने इस दिन विशेष छूट देने की तैयारी की है। कई इलेक्ट्रानिक दुकानदार दुकानों के बाहर बड़ी एलईडी लगाकर लोगों को वर्ल्ड कप देखने का मौका देंगे। यही नहीं इलेक्ट्रानिक, फर्नीचर, डायगोनिस्टक सेंटर, मेडिकल स्टोर संचालक वर्ल्ड कप के मौके पर ग्राहकों को भारी छूट दे रहे हैं।
वहीं कुछ चिकित्सक आज मरीजों से कम फीस लेकर वर्ल्ड कप फाइनल का उत्साह मनाएंगे। फाइनल मुकाबले को लेकर जिले के लोगों काफी रोमांचित हैं। अंदाजा लगाया जा रहा है कि दोपहर बाद सड़कों पर सन्नाटे की स्थिति हो जाएगी। रविवार का दिन होने के कारण नौकरीपेशा लोग भी विश्व कप के ऐतिहासिक व रोमांचक मुकाबले का आनंद ले सकेंगे।
भारत की जीत के लिए बच्चों ने की प्रार्थना
परिषदीय विद्यालय फैजुल्लापुर विकास खंड टोडरपुर के बच्चों ने वर्ल्ड कप के स्वागत में तिरंगा बनाकर भारत की जीत के लिए पूजा अर्चना की। बच्चों ने खिलाड़ियों के नाम और नंबर की जर्सी धारण कर भारत की जीत की कामना की।
यह भी पढ़ें:-World Cup 2023: विश्वकप के महामुकाबले को तैयार लखनऊ, कहीं हुआ पूजन तो कहीं हवन
