Padmashree Sudha Singh: अग्नि के सात फेरे लेकर शादी के बंधन में बंधी पद्मश्री सुधा सिंह, परिवार में छाई खुशी
रायबरेली। दुनिया में देश का नाम स्टीपल चेस में नाम रोशन करने वाली ओलंपियन और पदमश्री विजेता सुधा सिंह गुरुवार को देवोत्थानी एकादशी पर शादी के बंधन में बंध गई। पति अमित सिंह ने उनकी मांग में सिंदूर लगाया और इसी के साथ दोनों ने जीवन भर साथ निभाने का वचन लेकर अग्नि के साथ फेरे लिए। हिंदू और ग्रामीण रीति रिवाज के बीच सुधा सिंह का विवाह हुआ। इस दौरान उनके परिवार के सदस्यों के साथ बहुत खास लोग ही मौजूद रहे।

रायबरेली के साधारण परिवार में जन्म लेने वाली सुधा सिंह ने बहुत कम उम्र में एथलीट में अपनी प्रतिभा का परचम लहराया। रायबरेली जैसी जगह से सुधा ने मेहनत के बल पर कामयाबी हासिल की और देश का नाम ट्रैक एंड फील्ड में रोशन किया। एथलेटिक्स में कैरियर संवारने के लिए सुधा सिंह ने वर्ष 2003 में स्पोर्टस हास्टल लखनऊ ज्वाइन किया और आगे कदम बढ़ाया। तब से पीछे मुड़कर नहीं देखा। पानी और बाधा को पार करके दौड़ पूरी करने वाले स्टीपल चेज जैसे खेल को खेलने वाली सुधा जीवन की दौड़ में भी किसी रुकावट को अपनी सफलता के आगे नहीं आने दिया।
यही वजह है कि 13 साल की मेहनत के बाद उसे पहले कामन वेल्थ गेम्स में मौका मिला, फिर एशियन गेम्स में भागीदारी की। एशियन गेम्स ने तो उसकी किस्मत ही बदल दी। वर्ष 2010 ग्वानझू में स्वर्ण पदक हासिल करके परिवार, जिला, प्रदेश और देश का नाम पूरे विश्व में रोशन कर दिया। उनकी काबिलियत पर 2012 में अर्जुन अवार्ड के बाद लक्ष्मीबाई अवार्ड से सम्मानित किया गया। वर्ष 2021 में उन्हें पदमश्री से सम्मानित किया गया।
गुरुवार को सुबह लखनऊ में सुधा सिंह ने महराजगंज रायबरेली के बिजनेसमैन अमित सिंह के साथ विवाह किया। इस दौरान व्यापारी मुकेश सिंह और उनकी पत्नी रीना सिंह ने पैर पखारने का रिवाज किया। पिता हरिनारायण सिंह और मां शिव कुमारी सिंह बेटी के शादी पर बहुत खुश नजर आए। इससे पहले बुधवार की रात को हल्दी की रस्म हुई थी। शादी समारोह में सुधा सिंह के बड़े भाई धीरेंद्र प्रताप सिंह, भाभी रेखा सिंह, छोटे भाई प्रवेश नारायण सिंह मौजूद रहे। घर के सभी सदस्य खासे खुश नजर आए।
यह भी पढ़ें:-रायबरेली: पद्मश्री विजेता एथलीट सुधा सिंह लेंगी सात फेरे, हल्दी रस्म की फोटो सोशल मीडिया में हुईं वायरल
