PM मोदी की सुरक्षा चूक मामले में बड़ी कार्रवाई, एक SP और 2 DSP समेत 7 पुलिसकर्मी निलंबित

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

चंडीगढ़। पंजाब में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की सुरक्षा में हुई चूक मामले में बड़ी कार्रवाई हुई है। इस मामले में कुल 7 पुलिसकर्मियों पर गाज गिरी है, जिसमें एक एसपी समेत 2 डीएसपी भी शामिल हैं। बता दें कि पंजाब में 5 जनवरी 2022 को प्रधानमंत्री मोदी की सुरक्षा में चूक हुई थी। 

5 जनवरी, 2022 को पंजाब में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की सुरक्षा चूक से जुड़े मामले में 7 पुलिस अधिकारी - बठिंडा एसपी गुरबिंदर सिंह, डीएसपी परसन सिंह, डीएसपी जगदीश कुमार, इंस्पेक्टर तेजिंदर सिंह, इंस्पेक्टर बलविंदर सिंह, इंस्पेक्टर जतिंदर सिंह और एएसआई राकेश कुमार को निलंबित किया गया।

गौरतलब है कि पंजाब दौरे के समय प्रधानमंत्री मोदी का काफिला फिरोजपुर में प्रदर्शनकारियों की नाकेबंदी के कारण एक फ्लाईओवर पर फंस गया था। इसके बाद वह रैली सहित अन्य कार्यक्रमों में शामिल हुए बिना पंजाब से दिल्ली लौट गए थे। पंजाब विधानसभा चुनाव से पहले सुरक्षा में हुई चूक से एक बड़ा राजनीतिक विवाद पैदा हो गया था।

निलंबन आदेश के अनुसार, घटना पर 18 अक्टूबर 2023 की एक रिपोर्ट पुलिस महानिदेशक (डीजीपी) ने सौंपी थी, जिसमें राज्य पुलिस प्रमुख ने कहा था कि सिंह ने अपनी ड्यूटी उपयुक्त रूप से नहीं की। पंजाबी भाषा में जारी आदेश में कहा गया है कि सक्षम प्राधिकारी के स्तर पर मामले पर विचार के बाद संबंधित अधिकारी को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया गया। सुरक्षा चूक की जांच के लिए उच्चतम न्यायालय द्वारा नियुक्त समिति ने इससे पहले राज्य के कई अधिकारियों को इस चूक के लिए जिम्मेदार ठहराया था। शीर्ष अदालत ने पिछले साल 12 जनवरी को सुरक्षा चूक की जांच के लिए समिति नियुक्त करते हुए कहा था कि घटना से उपजे सवालों को "एकतरफा जांच" के लिए नहीं छोड़ा जा सकता है।

ये भी पढ़ें- पीएम मोदी ने ‘मन की बात’ में मुंबई हमले का किया जिक्र, कहा- हम इस दिन को कभी नहीं भूल सकते जब भारत को...

संबंधित समाचार