Election 2023: Banda में आतिशबाजी संग मुंह मीठा कराकर भाजपाइयों ने किया खुशी का इजहार, लोकसभा चुनाव में 400 प्लस का दावा
बांदा में आतिशबाजी संग मुंह मीठा कराकर भाजपाइयों ने किया खुशी का इजहार।
बांदा में आतिशबाजी संग मुंह मीठा कराकर भाजपाइयों ने खुशी का इजहार किया। अशोक लॉट पर एक घंटे तक आतिशबाजी की।
बांदा, अमृत विचार। तीन राज्यों में एकतरफा जीत से उत्साहित भारतीय जनता पार्टी के कार्यकर्ताओं और पदाधिकारियों ने रविवार को अशोक लॉट के नीचे दम से आतिशबाजी की और एक-दूसरे का मुंह मीठा कराकर खुशी का इजहार किया।
भाजपाइयों का कहना है कि लोकसभा चुनाव 2024 के पहले हुए पांच राज्यों के चुनावों में तीन राज्यों में स्पष्ट बहुमत प्राप्त कर पार्टी ने सेमीफाइनल जीत लिया है। मध्य प्रदेश, राजस्थान और छत्तीसगढ़ राज्य भाजपा की झोली में डालकर जनता ने साफ कर दिया है कि आने वाले लोकसभा चुनाव में भाजपा को 400 प्लस सीटें प्राप्त होंगी।
हाल ही में देश के मध्य प्रदेश, राजस्थान, छत्तीसगढ़, तेलंगाना और मिजोरम राज्यों में चुनाव हुए। अगले साल 2024 में होने वाले लोकसभा चुनाव से ठीक पहले हुए इन चुनावों को न सिफ सभी राजनीतिक दलों बल्कि आम जनमानस ने प्री-लोकसभा चुनाव के रूप में देखा। यही वजह थी कि सभी राजनीतिक दलों ने अपनी पूरी ताकत झोंककर इन चुनावों को लड़ा।
कांग्रेस को उम्मीद थी कि पांच वर्ष किए गए विकास की दम पर उनका राजस्थान और छत्तीसगढ़ में कब्जा बरकरार रहेगा, लेकिन जनता ने इसके उलट मतदान कर इन राज्यों की सत्ता छीनकर भाजपा को सौंप दी, जिससे उत्साहित भाजपाइयों ने रविवार को अशोक लॉट में एकत्र होकर तकरीबन एक घंटे तक दम से आतिशबाजी की।
प्रकाश पर्व दीपावली के बाद अचानक तेज धमाकों की आवाज सुनकर आसपास के लोग घरों से बाहर निकल आए। आतिशबाजी कर जश्न मनाने के साथ ही भाजपाइयों ने मध्य प्रदेश, राजस्थान और छत्तीसगढ़ में भगवा लहराने की खुशी में एक-दूसरे का मुंह भी मीठा कराया।
इस मौके पर नगर पालिका अध्यक्ष मालती बासू, अंकित बासू, विधायक प्रतिनिधि रजत सेठ, पुष्कर द्विवेदी, अमित सेठ भोलू, अभिलाषा मिश्रा, हेमलता वर्मा, राकेश दद्दू, आशीष गुप्ता, राहुल जैन आदि उपस्थित रहे।
