आईपीएल-13: पंजाब ने बेंगलुरु को 97 रन से हराया
दुबई। आईपीएल के 13वें सीजन के छठे मैच में किंग्स इलेवन पंजाब ने रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु (आरसीबी) को 97 रन से हरा दिया। टॉस हारकर बल्लेबाजी करते हुए पंजाब ने बेंगलुरु को 207 रन का लक्ष्य दिया। जवाब में बेंगलुरु 17 ओवर में 109 रन पर ऑल आउट हो गई। रनों के लिहाज से पंजाब …
दुबई। आईपीएल के 13वें सीजन के छठे मैच में किंग्स इलेवन पंजाब ने रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु (आरसीबी) को 97 रन से हरा दिया। टॉस हारकर बल्लेबाजी करते हुए पंजाब ने बेंगलुरु को 207 रन का लक्ष्य दिया। जवाब में बेंगलुरु 17 ओवर में 109 रन पर ऑल आउट हो गई। रनों के लिहाज से पंजाब की आरसीबी पर यह दूसरी सबसे बड़ी जीत है।
इससे पहले 2011 में पंजाब ने मुंबई इंडियंस को 76 रन से हराया था। टीम ने 111 रन की सबसे बड़ी जीत आरसीबी के खिलाफ 2011 में ही दर्ज की थी।
आरसीबी की ओर से वाशिंगटन सुंदर ने सबसे ज्यादा 30 रन बनाए। इसके अलावा एबी डिविलियर्स ने 28, एरॉन फिंच ने 20 और शिवम दुबे ने 12 रन बनाए। वहीं पंजाब की ओर से रवि बिश्नोई और मुरुगन अश्विन को 3-3 विकेट मिले। इसके अलावा शेल्डन कॉटरेल को 2 विकेट, मोहम्म्द शमी और ग्लेन मैक्सवेल को 1-1 विकेट मिला।
वहीं बेंगलुरु की शुरुआत बहुत ही खराब रही। उसके 3 विकेट महज 4 रन पर ही गिर गए। देवदत्त पडिक्कल (1) को पहले ही ओवर में पवेलियन वापस भेजा।
इसके बाद जोश फिलिप (0) भी कुछ खास नहीं कर सके और अगले ही ओवर में मोहम्मद शमी का शिकार बने। इसके बाद बल्लेबाजी करने आए कप्तान विराट कोहली को शेल्डन कॉटरेल ने रवि बिश्नोई के हाथों कैच आउट कराया। कोहली 5 बॉल पर 1 रन ही बना सके।
सीजन का पहला शतक राहुल के नाम
इससे पहले पंजाब ने 3 विकेट पर 206 रन बनाए। आईपीएल के इस सीजन का पहला शतक कप्तान लोकेश राहुल ने जड़ा। राहुल (132) के अलावा मयंक अग्रवाल ने 26, निकोलस पूरन ने 17 और करुण नायर ने नाबाद 15 रन बनाए। ग्लेन मैक्सवेल (5) इस मैच में भी कुछ खास नहीं कर सके। वहीं बेंगलुरु की ओर से शिवम दुबे ने 2 और यजुवेंद्र चहल ने 1 विकेट लिया।
