अयोध्या: शासनादेश के बाद भी नहीं हुआ वेतन का भुगतान, अनिश्चितकालीन धरने पर बैठे शिक्षक, दी यह चेतावनी
अयोध्या, अमृत विचार। शासनादेश के बाद भी वेतन भुगतान न होने को लेकर शुक्रवार को तदर्थ शिक्षकों ने जिला विद्यालय निरीक्षक कार्यालय पर अनिश्चितकालीन धरना शुरू कर दिया है। उत्तर प्रदेश माध्यमिक तदर्थ शिक्षक संघर्ष समिति के बैनर तले धरने के माध्यम से कहा गया है कि शासन द्वारा 10 दिसम्बर तक वेतन भुगतान आदेश का पालन नहीं किया जा रहा है।
जिलाध्यक्ष सुशील कुमार शुक्ला ने कहा कि यदि वेतन भुगतान नहीं किया जाता है तो जिला विद्यालय निरीक्षक कार्यालय पर तालाबन्दी की जाएगी। जिला मंत्री यशवीर सिंह ने भी सम्बोधित किया। धरने में चंद्रशेखर सिंह, आलोक तिवारी, राकेश पांडेय, राजकुमार पाण्डेय, सुनील कुमार सिंह, अंजनी पाण्डेय, राधेश्याम वर्मा, मनोज कुमार समेत तमाम तदर्थ शिक्षक मौजूद रहे।
यह भी पढ़ें:-अयोध्या: राममंदिर ट्रस्ट ने जारी की गृह मंडप और गर्भगृह के मुख्य द्वार की पहली तस्वीर
