बरेली: ओपीडी में नहीं बोर्ड की शोभा बढ़ा रहे स्थाई डॉक्टर
जिला महिला अस्पताल में अक्सर गायब रहते हैं स्थाई डॉक्टर
बरेली, अमृत विचार। जिला महिला अस्पताल में सभी पदों पर डॉक्टरों की तैनाती हो लेकिन ओपीडी में अधिकांश दिन स्थाई डॉक्टर नदारद रहते हैं। शुक्रवार को भी यही नजारा देखने को मिला, कक्ष के बाहर बोर्ड पर स्थाई डॉक्टर नाम लिखे थे, मगर ओपीडी में रेजिडेंट यानी प्रशिक्षु डॉक्टर मरीज देख रहे थे। प्रशिक्षण के लिए चार रेजिडेंट डॉक्टरों के आने के बाद से स्थाई डॉक्टर ड्यूटी से बच रहे हैं। ओपीडी और आईपीडी दोनों जगह मरीजों को देखने की जिम्मेदारी रेजिडेंट डॉक्टरों के हवाले है। कुछ स्थाई डॉक्टर लंबी छुट्टी चले गए हैं। कुछ ने ड्यूटी से कन्नी काटनी शुरू कर दी है।
निजी मेडिकल कॉलेजों में पीजी करने के बाद एक माह पहले चार स्त्री एवं प्रसूति और बाल रोग विशेषज्ञों समेत चार डॉक्टरों को तीन महीने के प्रशिक्षण के लिए जिला महिला अस्पताल में भेजा गया था। ओपीडी, आईपीडी और लेबर रूम की जिम्मेदारी अब पूरी तरह इन्हीं डॉक्टरों के हवाले कर दी गई है। अस्पताल में स्थाई डॉक्टरों के कुल 16 पद हैं। पैथोलॉजिस्ट को छोड़कर सभी पदों पर डॉक्टर तैनात हैं, मगर इसके बाद भी मरीजों को इलाज के लिए भटकना पड़ रहा है। विभागीय अफसर भी इस ओर ध्यान नहीं दे रहे हैं।
जिन डॉक्टरों की ड्यूटी ओपीडी में लगाई गई है, उनको ओपीडी के समय तक मरीजों का इलाज करना अनिवार्य है, जो डॉक्टर ओपीडी में समय से पहले उठ जा रहे हैं, सभी से जवाब-तलब किया जाएगा- सीएमएस डॉ. त्रिभुवन प्रसाद।
ये भी पढे़ं- बरेली: श्मशान भूमि में लगी शिव प्रतिमा को खुराफाती तत्व ने किया खंडित, मुकदमा दर्ज
