लखनऊ: हेलमेट के लिए दांव पर लगाई जिंदगी, धरा रह गया सड़क सुरक्षा का पाठ
दौड़ते हॉफ डाले में पीछे रखे हेलमेट झपटने लगे परिवहन कर्मी और अन्य लोग,1090 चौराहे पर वित्त मंत्री ने सड़क सुरक्षा पखवारे का किया उद्घाटन
लखनऊ, अमृत विचार। हेलमेट के लिए लोगों ने जान हथेली पर रख ली। इस बात की परवाह नहीं थी कि सड़क पर दौड़ रहे माल वाहक वाहन (डाला, छोटा हाथी) से हेलमेट निकालने के चक्कर में कहीं वे दुर्घटना का शिकार न हो जाएं। जिस चौराहे पर वह हेलमेट के लिए वाहन के पीछे दौड़ रहे थे, वहां पर तेजी से वाहनों का आवागमन जारी था।
वाहन चालक ने जब भीड़ को डाले में चढ़ते देखा तो उसने डाला स्टार्ट किया और धीरे-धीरे आगे बढ़ने लगा। इस दौरान भी लोग पीछे दौड़ते रहे। भीड़ को थमता न देख कर वाहन चालक ने गति बढ़ाई और मौके से भाग निकला। यह नजारा देखने को मिला शक्रवार को 1090 चौराहे पर, जहां लोगों को सड़क सुरक्षा का पाठ पढ़ाया गया था। इस चौराहे पर आज वित्त मंत्री सुरेश खन्ना ने सड़क सुरक्षा पखवारे का उद्घाटन किया और लोगों को सड़क सुरक्षा अपनाने की शपथ भी दिलाई। लेकिन कार्यक्रम खत्म होते ही लोगों को न शपथ याद रही, न ही सड़क सुरक्षा का पाठ।
आयोजन स्थल पर लोगों को वितरित किए जाने के लिए हेलमेट लाए गए थे। कार्यक्रम के दौरान दस लोगों को प्रतीक के रूप मे हेलमेट दिए गए। बचे हुए हेलमेट माल वाहन वाहन छोटा हाथी में रखे हुए थे। कार्यक्रम खत्म होते ही परिवहन विभाग के अधिकारियों ने इशारा किया और परिवहन विभाग के कर्मचारी हेलमेट लेने को उस ओर दौड़ पड़े। भीड़ को देखते हुए वाहन चालक ने गति बढ़ा दी और भाग निकला। चलते वाहनों से लोग पीछे से चढ़ कर हेलमेट निकालने की कोशिश करते दिखे।
आयोजन स्थल पर मौजूद परिवहन विभाग के अधिकारी अपर परिवहन आयुक्त सड़क सुरक्षा और प्रवर्तन पुष्पसेन सत्यार्थी के साथ ही आरटीओ प्रवर्तन सहित कई अधिकारी मौजूद रहे लेकिन किसी ने उन्हें रोकने की कोशिश नहीं की। प्रवर्तन और आरटीओ कार्यालय के प्रशासनिक अधिकारियों ने वहां से खिसकने में ही अपनी भलाई समझी।
यह भी पढ़ें:-अखिलेश यादव बोले-भाजपा सरकार की गलत नीतियों से किसान बेहाल
