बरेली: जंक्शन पर महिला यात्री को पीटने वाली टीटीई निलंबित
बदायूं जाने के लिए दो महिला यात्री पहुंची थीं जंक्शन
बरेली, अमृत विचार। महिला यात्री के साथ मारपीट करने की आरोपी महिला टीटीई को निलंबित कर दिया गया है। रेलवे के एक्स अकाउंट पर शिकायत के बाद अधिकारियों ने मामले में संज्ञान लिया। वहीं पिटाई का वीडियो वायरल होने पर कई यूजर्स टीटीई की इस हरकत का विरोध कर रहे हैं। वहीं महिला टीटीई ने भी अधिकारियों को दिये अपने बयान में महिला यात्री पर अभद्रता और गाली गलौज करने का आरोप लगाया है।
रविवार को आशीष कुमार नाम के एक एक्स यूजर ने करीब ढाई मिनट का वीडियो रेलवे अधिकारियों को टैग किया था। जिसमें तीन महिला टीटीई बरेली जंक्शन के प्लेटफार्म नंबर पांच पर एक महिला यात्री को घेरे खड़े थीं और एक टीटीई आशा गंगवार ने महिला यात्री को कई थप्पड़ मारे और उसका कॉलर पकड़कर जबरदस्ती प्लेटफार्म पर घसीटते हुए ले गईं।
टीटीई बात सुनने को नहीं थीं तैयार
संजय नगर निवासी महिला यात्री सुमन ने बताया कि वह बदायूं जाने के लिए अपनी सहेली अनुराधा के साथ जंक्शन पहुंचीं थीं। उनके पति दोनों को स्टेशन पर छोड़कर गये थे। टिकट उनकी एक अन्य महिला दोस्त द्वारा लेने की बात हुई थी। इसलिए वह बदायूं जाने वाली 05370 कासगंज एक्सप्रेस में बैठ गईं। इतने में टीटीई आईं और उनसे टिकट मांगा तो उन्होंने पूरी बात बता दी लेकिन वो मानने को तैयार नहीं थीं। लिहाजा उनके साथ मारपीट और अभद्रता की गई। उन्हें घसीटते हुए आरपीएफ थाने ले जाया गया। बाद में उनसे और उनकी सहेली से छह सौ रुपये का जुर्माना वसूला गया।
टीटीई बोली, महिला यात्री ने की थी अभद्रता
बरेली सिटी स्टेशन पर तैनात महिला टीटीई सोमवार सुबह अपने कार्यालय पहुंचीं तो उन्हें इज्जतनगर डीआरएम दफ्तर जाने को कहा गया। इससे पहले नोटिस देकर उनसे स्पष्टीकरण मांगा गया था। सीनियर डीसीएम इज्जतनगर मंडल संजीव शर्मा ने आशा गंगवार समेत अन्य दो महिला टीटीई के बयान लिए। महिला टीटीई ने अधिकारियों के सामने अपना पक्ष रखा है। महिला टीटीई आशा गंगवार ने अधिकारियों को बताया कि दो लड़कियां कासगंज एक्सप्रेस में सवार हुईं थीं। टिकट चेक करने पर इनके पास टिकट नहीं मिला, इसलिए ट्रेन से उतरवा लिया गया। इनमें से एक लड़की काफी अभद्र भाषा बोल रही थी। किसी तरह उसको पकड़कर आरपीएफ पोस्ट बरेली जंक्शन लेकर पहुंचे। यहां लिखित में महिला यात्री द्वारा माफीनामा भी दिया गया है। जुर्माना लेकर दोनों को छोड़ दिया गया।
रेल प्रशासन किसी भी तरह की मारपीट की निंदा करता है। लिहाजा आरोपी महिला टीटीई को निलंबित कर विभागीय जांच शुरू कर दी गई है। हालांकि महिला यात्री द्वारा भी अभद्रता की बात टीटीई ने बताई है- संजीव शर्मा, सीनियर डीसीएम, इज्जतनगर रेल मंडल।
ये भी पढ़ें- बरेली जंक्शन पर 3 महिला TTE की गुंडागर्दी, छात्रा के साथ की मारपीट, वीडियो वायरल
