संतकबीरनगर: दबंगों की पिटाई से घायल छात्र की उपचार के दौरान मौत, आक्रोशित परिजनों ने किया धनघटा थाने का घेराव
धनघटा/संतकबीरनगर। धनघटा थानाक्षेत्र के मुठई खुर्द निवासी छात्र 17 वर्षीय शिवम् पुत्र राजनाथ को सोमवार को ग्राम रुपिन के पास स्थित ढ़ाबे पर कुछ मनबढों ने मारपीट कर गम्भीर रूप से घायल कर दिया था। गंभीर हालत में छात्र को लोगों ने हैंसर बाजार स्थित सीएचसी पर पहुंचाया।
छात्र की गंभीर हालत देखते हुए प्राथमिक उपचार के बाद डाक्टरों ने उसे जिला अस्पताल और जिला अस्पताल के डाक्टरों ने मेडिकल कॉलेज गोरखपुर के लिए रेफर कर दिया था। बाद में लगातार बिगड़ती हालत देख मेडिकल कॉलेज के डाक्टरों ने उसे केजीएमयू लखनऊ के लिए भेज दिया। जहां उपचार के दौरान मंगलवार की रात उसकी मौत हो गई।
मौत की सूचना गांव पर पहुंचते ही परिजनों का रो-रो कर बुरा हाल हो गया। बताते चलें कि सोमवार को उक्त छात्र किसी काम से बण्डा बाजार गया था। वापस लौटते समय दोस्तों के बुलावे पर रुपिन स्थित एक ढ़ाबे पर रुक गया। यहां पहले से दर्जनों की संख्या में मौजूद दबंग युवकों ने मार-पीट कर उसे गम्भीर रूप से घायल कर दिया था।
युवक की मौत के बाद आक्रोशित परिजनों और ग्रामीणों ने धनघटा थाने का घेराव करते हुए हमलावरों के खिलाफ हत्या का मुकदमा कायम कर उनकी तत्काल गिरफ्तारी की मांग किया। प्रभारी निरीक्षक अनिल कुमार ने बताया कि घटना के दिन ही घायल के बाबा गोरखनाथ यादव की तहरीर पर चार नामजद तथा कुछ अज्ञात के विरुद्ध मुकदमा दर्ज कर मामले की छानबीन की जा रही थी।
युवक के मौत की जानकारी मिलते ही अभियुक्तों के खिलाफ हत्या की धारा तरमीम कर दी गई है। शीघ्र ही उन्हें गिरफ्तार कर लिया जाएगा। वहीं दूसरी तरफ मौत की सूचना घर पहुंचते ही युवक की मां गीता देवी व बहन रंजना का रो-रो कर बुरा हाल हो गया है। छोटा भाई सुंदरम भाई के आने की राह देख रहा था।
यह भी पढ़ें:-गोंडा: दयाराम तालाब पर अवैध कब्जे को लेकर बड़ी कार्यवाही, दर्ज खातेदारों के नामों को किया खारिज
