बाराबंकी : विज्ञान प्रदर्शनी के जरिए मनाई रामानुजन की जयंती, छात्र-छात्राओं ने 300 मॉडलों का किया प्रदर्शन
फतेहपुर /बाराबंकी, अमृत विचार। स्थानीय सरस्वती शिशु मंदिर इंटर कॉलेज में गणितज्ञ श्रीनिवास रामानुजन की जयंती व राष्ट्रीय विज्ञान दिवस के अवसर पर गणित-विज्ञान प्रदर्शनी का आयोजन किया गया। इस प्रदर्शनी में नन्हे बाल वैज्ञानिकों ने श्रेष्ठ प्रदर्शन किया।
कस्बे के सरस्वती शिशु मन्दिर इण्टर कॉलेज में शुक्रवार को विज्ञान प्रदर्शनी का शुभारम्भ प्रान्तीय विज्ञान प्रमुख मुनीष चन्द्र श्रीवास्तव द्वारा किया गया। उन्होंने छात्रों में वैज्ञानिक दृष्टिकोण अपनाने की बात कहते हुए वैज्ञानिक प्रतिभाओं को प्रोत्साहित करने की योजना की प्रशंसा की। प्रदर्शनी का वृहद निरीक्षण कर प्रत्येक छात्र के नवाचारित प्रयोग के मॉडलों की उपयोगिता पर विशेष चर्चा की, साथ ही रामानुजन के जीवन संघर्षों एवं उनकी अस्वस्थ अवस्था में भी निरंतर गणितीय खोज करते रहने की इच्छा शक्ति का वर्णन किया।
इस दौरान विद्यालय के प्रधानाचार्य सुनील कुमार सिंह ने रामानुजन की जीवनी व गणितीय उपलब्धियों पर प्रकाश डालते हुए इनके द्वारा खोजी गई हार्डी- रामानुजन मैजिकल नंबर्स की मनोरंजक चर्चा की। विज्ञान प्रदर्शनी में 300 मॉडलों का प्रदर्शन किया गया। जिसमें 88 चल मॉडलों एवं 106 स्थिर मॉडलों का तथा शेष चार्टों का प्रदर्शन किया गया। इस मौके पर विद्यालय प्रबन्धक लाल बहादुर वर्मा, कोषाध्यक्ष विजय कुमार जैन, प्रमुख आचार्य दिनेश वीर विक्रम सिंह, सतीश चंद्र श्रीवास्तव, सुधीर गुप्ता, कैलाश बाबू अवस्थी, विपुल शर्मा, प्रिया सैनी, ममता सैनी, एकता श्रीवास्तव, प्रीति सिंह उपस्थित रहे।
ये भी पढ़ें -हरदोई में STF ने मुठभेड़ कर किडनैप किये गए व्यापारी को छुड़ाया, बदमाश गिरफ्तार - Video
