बरेली: जेई ने महिला को धक्का देकर कार्यालय से निकाला बाहर

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

बरेली, अमृत विचार। महिला सशक्तिकरण का दंभ भर रही केंद्र व प्रदेश सरकार के दावों पर जिम्मेदर अफसर दाग लगा रहे हैं। मोहल्ले में हुए अतिक्रमण को हटाने के लिए कई दिनों से नगर निगम का चक्कर लगा रही एक स्वैच्छिक संस्था की महिला अध्यक्ष को निर्माण विभाग के एक जेई ने धक्के देकर कार्यालय …

बरेली, अमृत विचार। महिला सशक्तिकरण का दंभ भर रही केंद्र व प्रदेश सरकार के दावों पर जिम्मेदर अफसर दाग लगा रहे हैं। मोहल्ले में हुए अतिक्रमण को हटाने के लिए कई दिनों से नगर निगम का चक्कर लगा रही एक स्वैच्छिक संस्था की महिला अध्यक्ष को निर्माण विभाग के एक जेई ने धक्के देकर कार्यालय से बाहर निकाल दिया। महिला का आरोप है कि जेई ने उसके साथ अभद्र व्यवहार किया। जेई के इस व्यवहार से आहत महिला काफी देर तक नगर आयुक्त के कार्यालय के पास बैठ कर रोती रही।

सुरेशशर्मा नगर की आवास विकास कालोनी निवासी सुनीता गंगवार सामाजिक संस्था पैनी नजर की अध्यक्ष हैं। उन्होंने 7 सितंबर को मेयर डा. उमेश गौतम से शिकायत की थी कि उनके मोहल्ले में कुछ लोगों ने सड़क पर निर्माण कर अतिक्रमण कर लिया है। इससे आने जाने में दिक्कत हो रही है। जनहित में अतिक्रमण को हटाया जाए।

मेयर ने नगर आयुक्त को अतिक्रमण हटाने के लिए लिखा। इसके बाद शिकायती पत्र निर्माण विभाग के जेई नागेन्द्र शर्मा को मिला। सुनीता शुक्रवार को नगर निगम के जेई के पास पहुंच कर अतिक्रमण हटाए जाने के बारे में जानकारी मांगने लगी। जेई ने शनिवार को आने को कहा था।

सुबह करीब 11 बजे सुनीता फिर निर्माण विभाग पहुंची और जेई से पूछा कि अतिक्रमण कब हटेगा। इस पर जेई बिफर गए। दोनों के बीच बहस होने लगी। महिला का आरोप है कि जेई और अन्य कर्मचारियों ने उन्हें कमरे से धक्का देकर बाहर निकाला दिया।

साथ में गए संस्था के कोषाध्यक्ष वहीद ने किसी तरह उनको बचाया। उन्होंने घटना की शिकायत मोबाइल से नगर आयुक्त से की। इसके बाद शाम को शिकायत करने के लिए एसएसपी के पास पहुंची और जेई की शिकायत की। महिला ने जेई के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर उसे निलंबित किए जाने की मांग की है।

संबंधित समाचार